UP: जब 'लगता है इंद्रदेव बरसेंगे' कमेंट सुन गुस्से से लाल हो गया पड़ोसी, इस घटना को दे दिया अंजाम
Gorakhpur News: गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया जहां मामूली बात पर दो पड़ोसियों में विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने कमेंट सुन लाठी डंडो से एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस चार आरोपियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
इस बात पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा के हरसेवकपुर नंबर- दो के रहने वाले अजीत प्रजापति और इंद्रासन का मकान आस- पास है। बुधवार की रात अजीत का भाई सुजीत घर के नीचे खड़ा मेढ़कों के टर्र- टर्र की आवाज सुन रहा था। इनकी आवाज सुन उसने कहा कि लगता है इंद्रदेव बरसेंगे। यह बात छत पर खड़ा इंद्रासन सुन रहा था। उसे लगा कि सुजीत उस पर टिप्पणी कर रहा है। फिर इसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरु हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को समझाया और लौट गयी।

पुलिस के जाने के कुछ समय बाद ही इंद्रासन ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाठी डंडो से अजीत व सुजीत की पिटाई शुरु कर दी। जिससे अजीत का सिर फट गया। सुबह पहुंची पुलिस ने अजीत का उपचार कराया। अजीत की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications