DDU University और इथियोपिया के राजदूत के बीच इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा, होंगे ये फायदे
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो पूनम टंडन से भारत के इथियोपिया स्थित राजदूत एवं अफ्रीकी संघ में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अनिल कुमार राय जी ने महत्वपूर्ण मुलाकात की।
राजदूत राय ने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक में भाग लिया, जिसमें विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रोफेसर शंतनु रस्तोगी और डॉ. महेन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई।

इनमें अफ्रीकी देशों, विशेष रूप से इथियोपिया के विश्वविद्यालयों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाना, संयुक्त शोध परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशना, छात्रों और शिक्षकों के आदान-प्रदान कार्यक्रम, और संभावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर जैसे मुद्दे शामिल थे। इसके अलावा, गोरखपुर विश्वविद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आकर्षित करने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। श्री राय ने विश्वविद्यालय को सभी संभव सहयोग का आश्वासन दिया। राय का आगमन विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीयकरण और वैश्विक शैक्षिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस दौरे को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, " राजदूत का यह दौरा हमारे लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। इससे हमें अफ्रीकी देशों के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के साथ जुड़ने और अपने शैक्षिक एवं शोध कार्यों को वैश्विक पटल पर ले जाने का अवसर मिलेगा। हमें अफ्रीकी देशों के छात्रों को अपने विश्वविद्यालय में आकर्षित करने का अवसर मिलेगा। हम उनके सहयोग के लिए आभारी हैं।"












Click it and Unblock the Notifications