DDU University: राज्यपाल से मिला चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला महाविद्यालय का प्रतिनिधिमण्डल
DDU University Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से सम्बद्ध चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला महाविद्यालय, गोरखपुर के प्रतिनिधिमण्डल ने आज उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल से राजभवन, लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की।
महामहिम कुलाधिपति से कुलपति प्रो पूनम टंडन के नेतृत्व में महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल की यह भेंट राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा महाविद्यालय को प्राप्त बी प्लस ग्रेड की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में की गई।
कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन के साथ महाविद्यालय की प्राचार्या, वरिष्ठ शिक्षकगण एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
माननीय राज्यपाल ने महाविद्यालय परिवार को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी तथा ज्ञान, सेवा और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महाविद्यालय द्वारा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, सामाजिक सहभागिता एवं नैक मूल्यांकन की तैयारियों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की और उसके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा निर्मित चित्र-पेंटिंग एवं राज्यपाल जी के सामाजिक योगदान पर आधारित एक प्रेरणादायक कविता भी उन्हें भेंट की गई।
उल्लेखनीय है कि चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला महाविद्यालय गोरखपुर विश्वविद्यालय का पहला महिला महाविद्यालय है जिसे नैक मूल्यांकन में सफलता प्राप्त हुई है। महाविद्यालय ने नैक के सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह मान्यता अर्जित की है। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय भविष्य में और बेहतर ग्रेड प्राप्त करने हेतु प्रतिबद्ध है।
कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने बताया कि विश्वविद्यालय अपने सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहा है और उन्हें हरसंभव शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है, ताकि विश्वविद्यालय की समग्र गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि हो सके। इसी संदर्भ में विश्वविद्यालय ने स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के शिक्षकों को सह-निर्देशक भी नियुक्त करने का फैसला किया है।












Click it and Unblock the Notifications