DDU University के प्रोफेसर को मिला यह सम्मान, इस वजह से है खास
DDU University Gorakhpur Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (UPCAR) के 36वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित कृषि वैज्ञानिक सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान के डॉ. अवधेश कुमार, सहायक प्रोफेसर (कृषि इंजीनियरिंग) को सर्वोत्तम पीएच.डी. शोध ग्रंथ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ द्वारा भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
डॉ. अवधेश कुमार ने अपनी पीएच.डी. शोध उपाधि सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ से कृषि अभियांत्रिकी विषय में प्राप्त की। उनके शोध कार्य में विशेष रूप से कैनोला तेल का चिप्स निर्माण में उपयोग और मानव स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव का अध्ययन किया गया।

डॉ. कुमार के शोध निष्कर्षों के अनुसार, कैनोला तेल को चिप्स निर्माण के लिए एक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प के रूप में चिन्हित किया गया है। यह तेल विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकता है जिन्हें हृदय संबंधी समस्याएं हैं लेकिन वे फिर भी चिप्स का सेवन करना चाहते हैं। इस शोध ने न केवल स्वस्थ खाद्य विकल्पों को बढ़ावा देने की दिशा में योगदान दिया है, बल्कि कृषि उत्पादों के मूल्यवर्धन और स्वदेशी खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों के क्षेत्र में भी एक नया आयाम जोड़ा है।
इस उपलब्धि से न केवल दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय बल्कि सम्पूर्ण पूर्वांचल क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। "विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन के अनुसार, यह सम्मान न केवल युवा शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, बल्कि कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्र में नवाचार एवं अनुसंधान को भी नई दिशा प्रदान करेगा।












Click it and Unblock the Notifications