UP: मानसरोवर से गोरखनाथ मंदिर तक निकलेगी भव्य कलशयात्रा, सीएम योगी रहेंगे मौजूद
सोमवार को गोरखपुर के मानसरोवर मंदिर से गोरखनाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें सूबे के मुखिया व गोरक्षपीठाधीश्वर मौजूद रहेंगे।

Gorakhpur News: गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर के परिसर में बने नौ देवी-देवताओं के मंदिरों में विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवतपुराण कथा ज्ञानयज्ञ एवं श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का शुभारंभ सोमवार 15 मई को अपराह्न 3.00 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में होगा।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि इस अवसर पर सोमवार सुबह 7.00 बजे मानसरोवर मंदिर , अंधियारी बाग गोरखपुर में गोरक्षपीठाधीश्वर रुद्राभिषेक करेंगे। तत्पश्चात भव्य कलशयात्रा तथा देव विग्रहों की रथ यात्रा निकाली जाएगी । भक्ति भाव से सराबोर यह कलशयात्रा गोरखनाथ मंदिर की यज्ञशाला पर समाप्त होगी। जबकि श्रीमद्भागवत महापुराण पोथी को कथास्थल महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में वैदिक विधिविधान से प्रतिष्ठित किया जाएगा। कथा का विधिवत रसपान अपराह्न 3.00 बजे से सायंकाल 9.00 बजे तक किया जा सकेगा।
योगी कमलनाथ ने बताया कि देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 15 मई से 21 मई तक श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 8.00 बजे से 12.00 बजे तक तथा अपराह्न 2.00 बजे से 5.00 बजे तक गोरखनाथ मंदिर की यज्ञशाला में होगा।












Click it and Unblock the Notifications