Kajal Nishad: भोजपुरी एक्ट्रेस काजल निषाद को सपा ने दिया टिकट, जानिए कहां से लड़ेगी चुनाव
Kajal Nishad: भोजपुरी एक्ट्रेस काजल निषाद को सपा ने दिया टिकट, जानिए कहां से लड़ेगी चुनाव
गोरखपुर, 28 जनवरी: काजल निषाद भोजुपरी सिनेमा का एक बड़ा नाम हैं। काजल भोजपुरी फिल्मों के अलावा कई टीवी सीरियल में भी काम कर चुकी हैं। टीवी के मशहूर सीरियल लापतागंज से काजल निषाद को एक अलग पहचान मिली थी। एक बार फिर काजल समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव में उतरी है और वो गोरखपुर जिले की कैंपियरगंज सीट पर अपनी किस्मत आजमाएंगी। इससे पहले वो 2012 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी है।

56 उम्मीदवारों का सपा ने जारी की लिस्ट
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने 27 जनवरी को यूपी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में पार्टी ने 56 और उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। गोरखपुर ग्रामीण से विजय बहादुर, चिल्लुपार से हरिशंकर तिवारी के बेटे विनय तिवारी को टिकट दिया है। सपा की तरफ से जारी की गई लिस्ट में 12 यादव, 9 मुस्लिम और 10 एससी चेहरे हैं। इनमें 5 महिलाएं हैं। सपा ने भोजपुरी अभिनेत्री काजल निषाद पर भी भरोसा जताया है और उन्हें टिकट दिया है।

एक हजार समर्थकों के साथ सपा में हुई थी शामिल
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल निषाद 07 अगस्त, 2021 को अपने एक हजार समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थी। काजल के साथ जो नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे वो बीएसपी और कांग्रेस से आए थे। काजल को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इस मौके पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी आय़ोजन किया गया था, जिसमें काजल निषाद ने बताया था कि वो कांग्रेस के टिकट पर गोरखपुर से विधानसभा चुनाव लड़ चुकी है।

कौन हैं काजल निषाद
काजल निषाद मुंबई की रहने वाली है, उनके माता-पिता कच्छ गुजरात से हैं। काजल ने गोरखपुर जिले के भाऊपार गांव के रहने वाले भोजपुरी फिल्म निर्माता संजय निषाद से शादी की है। काजल निषाद का नाम एक विवाद में काफी उछाला था। दरअसल, फरवी 2021 में, उन्होंने बीएसपी नेता राम भुवाल निषाद और उनके समर्थकों पर एफआईआर दर्ज करवाई थी। जिसमें आरोप लगाया कि ककरखोर में चुनाव प्रचार के दौरान राम भुवाल व उनके समर्थकों ने उन पर जानलेवा हमला करवाया था।

योगी और मोदी सरकार के खिलाफ लगातार साधती रहती हैं निशाना
भोजपुरी अभिनेत्री काजल निषाद चुनाव 2012 में कांग्रेस के टिकट पर गोरखपुर ग्रामीण से चुनाव लड़ी थी पर इस चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। अभिनेत्री काजल निषाद सोशल मीडिया पर सीएम योगी और मोदी सरकार के खिलाफ लगातार निशाना साधती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications