गोरखपुर: भाजपा समर्थकों ने सपा प्रत्याशी को नामांकन करने से रोका, बवाल का वीडियो अखिलेश ने किया ट्वीट
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के दौरान समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। नामांकन प्रकिया शुरू होने के बाद भाजपा की प्रत्याशी साधना सिंह ने पर्चा भरा। उनके विरोध में जब सपा प्रत्याशी जितेंद्र यादव नामांकन करने पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनको अंदर घुसने नहीं दिया। नारेबाजी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रत्याशी व समर्थकों के साथ मारपीट भी की। इसका वीडियो सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है। उन्होंने इसे हारी हुई भाजपा का चुनाव जीतने का नया प्रशासनिक हथकंडा बताया।
Recommended Video

गोरखपुर कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह 10:00 बजे से 3:00 बजे तक नामांकन करने का समय निर्धारित था। लगभग 12:30 बजे भाजपा की साधना सिंह में नॉमिनेशन किया। उनके विरोध में जब नॉमिनेशन करने समाजवादी पार्टी के जितेंद्र यादव पहुंचे तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर गेट को बंद कर दिया। नारेबाजी शुरू हुई तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और प्रत्याशी की पिटाई कर दी। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही।
आक्रोशित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गोरखपुर के शास्त्री चौक पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि तानाशाह सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन भी काम कर रही है। नॉमिनेशन नहीं करने दिया गया और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गेट को बंद कर दिया। हमारे प्रत्याशी और कार्यकर्ता को बुरी तरह से पीटा गया। हमने इस बारे में नेतृत्व को अवगत करा दिया है। नेतृत्व आगे जो फैसला लेगा उस पर हम लोग काम करेंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने घटना का वीडियो ट्वीट कर लिखा- गोरखपुर व अन्य जगह जिस तरह भाजपा सरकार ने पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को नामांकन करने से रोका है, वो हारी हुई भाजपा का चुनाव जीतने का नया प्रशासनिक हथकंडा है। भाजपा जितने पंचायत अध्यक्ष बनायेगी, जनता विधानसभा में उन्हें उतनी सीट भी नहीं देगी।
इससे पहले सपा ने गोरखपुर के बड़हलगंज वार्ड नंबर 47 से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को अंतिम समय में बदल दिया था। सपा ने आलोक गुप्ता की जगह जितेंद्र यादव को पार्टी उम्मीदवार बनाया था लेकिन आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनको नामांकन नहीं करने दिया। अब भाजपा उम्मीदवार साधना सिंह निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनी जा सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications