गोंडाः साले की शादी में शामिल होने आए जीजा की बेरहमी से हत्या, खेत में मिली लाश
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में हत्या की वारदात सामने आई है, जहां साले की शादी समारोह में शामिल होने आए जीजा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव ससुराल से थोड़ी दूर पर मिला। गांव के बाहर सड़क के किनारे शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई । मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं । घटनास्थल का एसपी ने दौरा कर जायजा लिया तथा थाना अध्यक्ष तरबगंज को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मौके पर डॉग स्क्वायड व सर्विलांस टीम जांच में जुट गई है। तरबगंज थाना क्षेत्र के गांव बावरिहा में राम प्रताप उर्फ बबलू सिंह के यहां उसकी ससुराल थी। गत 24 जनवरी को उसके छोटे साले के तिलक समारोह में शामिल होने आया था। आगामी 4 फरवरी को साले की शादी होनी है उसी कारण से वह रुक गया था। सुबह सड़क के किनारे शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। हत्या को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं ।
मृतक बंसराज बहराइच जनपद का निवासी है। बताया जा रहा है कि डॉग स्क्वायड टीम ने गांव के एक मकान से उसका जूता बरामद किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्यारे उसे मारने के बाद घसीटते हुए ले गए हैं। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह तड़के कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि बावरिहा गांव के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है।
घटनास्थल का उच्चाधिकारियों द्वारा दौरा किया गया है। मृतक बंसराज बहराइच जनपद के हरदी थाना क्षेत्र का निवासी है । उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हर तथ्यों पर बारीकी से जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications