नफीसा और लकी अली से मिले डेरेक ओ'ब्रायन, गोवा विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सरप्राइज देगी TMC?
नई दिल्ली, अक्टूबर 10। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की लगातार तीसरी बार सरकार बनने के बाद अब पार्टी बंगाल के बाहर अपने विस्तार पर ध्यान दे रही है और फिलहाल पार्टी की नजर गोवा और त्रिपुरा राज्य पर है। गोवा में टीएमसी सदस्य जोड़ो अभियान चला रही है, जिसमें पार्टी स्टार पावर को जोड़ना चाहती है। दरअसल, ऐसी बातें तब सामने आ रही हैं, जब हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने सिंगर लकी अली और कार्यकर्ता नफीसा अली से मुलाकात की है।

टीएमसी में शामिल हो गए हैं नफीसा और लकी अली?
इस मुलाकात के बाद अटकलों का बाजार गर्म है। राज्य में अफवाह है कि गोवा विधानसभा चुनाव से पहले लकी अली और नफीसा अली दोनों टीएमसी में शामिल हो गए हैं, जिसकी औपचारिक घोषणा होना बाकि है। न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा है कि गोवा में हम सिर्फ राजनेताओं से नहीं बल्कि सभी क्षेत्रों के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं, विशेष रूप से सामाजिक सेवा का भाव रखने वाले लोगों से हम मिल रहे हैं। ऐसे में आप हर जगह लोगों को टीएमसी में शामिल होते देखोगे।
नफीसा ने की ममता की तारीफ
आपको बता दें कि डेरेक ओ'ब्रायन ने शनिवार को लकी अली और नफीसा अली से मुलाकात की थी। इसके बाद नफीसा अली ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की और कैप्शन में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने गोवा से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि गोवा को एक अच्छे नेता की जरूरत है जो कि भविष्य के बारे में सोच सके।
गोवा को लेकर काफी सीरियस है टीएमसी
आपको बता दें कि फेमस सिंगर लकी अली अधिकतर गोवा में ही रहते हैं। लकी अली के साथ-साथ नफीसा अली भी गोवा में रहती हैं। अगर ये दोनों चेहरे टीएमसी में शामिल होते हैं तो ये आने वाले समय में गोवा के अंदर पार्टी की बड़ी कामयाबी होगी। टीएमसी के सूत्रों का कहना है कि पार्टी गोवा चुनावों को लेकर बहुत ज्यादा गंभीर है और माना जा रहा है कि दुर्गा पूजा के बाद अभिषेक बनर्जी भी गोवा पहुंच सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications