गोवा की 90 फीसदी आबादी को लग चुकी है वैक्सीन की पहली डोज- प्रमोद सावंत
पणजी, अगस्त 15। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने दावा किया है कि उनका राज्य देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है, जिसने 90 प्रतिशत आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी है। रविवार को प्रमोद सावंत ने अपने स्वतंत्रता दिवस समारोह के संबोधन में ये जानकारी दी। प्रमोद सावंत ने कहा, "मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि गोवा अपनी 90 प्रतिशत आबादी को पहली खुराक देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।"

गोवा के मुख्यमंत्री की अन्य घोषणाएं
- उन्होंने कहा कि गोवा के तटीय इलाकों में भी बहुत जल्द पात्र लोगों की लगभग पूरी आबादी को वैक्सीन की पहली खुराक दे दी जाएगी।
- प्रमोद सावंत ने इस दौरान घोषणा की कि राज्य के लोगों को अगले महीने से प्रति माह 16,000 लीटर पानी मुफ्त मिलेगा।
- साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी मोपा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले साल 15 अगस्त तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों चालू किया जाएगा।
सीएम ने फ्रंटलाइन वर्करों के प्रयास को सराहा
इस दौरान गोवा के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ने वाले फ्रंटलाइन वर्करों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ हमारे फ्रंटलाइन वर्करों ने जिस हिम्मत के साथ इस महामारी से मुकाबला किया है वो काबिल ए तारीफ है। इन फ्रंटलाइन वर्करों के लिए सरकार की तरफ से जितना हो सकेगा उतना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महामारी के दौरान सभी सामाजिक कल्याण योजनाओं को जारी रखा है।












Click it and Unblock the Notifications