UP News: गाजीपुर के हनुमानगढ़ घाट पर गंगा से निकला रहस्यमयी पत्थर, श्रद्धालु मान रहे त्रेतायुग का चमत्कार
UP News: गाजीपुर के हनुमानगढ़ घाट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गंगा नदी में एक भारी पत्थर पानी की सतह पर तैरता हुआ देखा गया। सुबह के समय घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने इसे चमत्कार मानते हुए पूजा शुरू कर दी।
इस पत्थर का वजन करीब ढाई से तीन क्विंटल के बीच बताया जा रहा है, लेकिन इतनी भारी वस्तु का पानी पर तैरते रहना हर किसी को हैरान कर गया। यह नजारा जिसने भी देखा, वो अवाक रह गया।

स्थानीय पुजारी संत रामाधार को जब यह बात पता चली, तो वे तुरंत घाट पहुंचे। भक्तों के साथ मिलकर उन्होंने पत्थर को किनारे खींचा और तभी से यह श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।
त्रेतायुग से जोड़कर देख रहे लोग
स्थानीय संत-महंत इस पत्थर को त्रेतायुग के रामसेतु से जोड़ते हुए देख रहे हैं। उनका मानना है कि भगवान श्रीराम के समय इसी तरह के पत्थरों से समुद्र पर पुल बनाया गया था, जो डूबते नहीं थे।
महंत रामाश्रय का कहना है कि यह पत्थर साधारण नहीं, बल्कि ईश्वरीय चिह्न है। उन्होंने इसे रामभक्त नल-नील की कृपा से तैरने वाले पत्थरों से जोड़ते हुए इसकी पूजा की शुरुआत कर दी है।
अचानक आस्था का केंद्र बन गया हनुमानगढ़
जिस घाट पर अब तक सुबह-शाम की आरती ही मुख्य आयोजन थी, वहां अब भारी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे हैं। पत्थर को देखने और छूने की इच्छा में दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
गांव के लोगों के लिए यह घटना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्हें लगता है कि यह भगवान राम की उपस्थिति का संकेत है, जो गंगा के माध्यम से उनके गांव तक पहुंचा है।
कुछ जानकारों का मानना है कि विशेष प्रकार के हल्के और छिद्रयुक्त पत्थर पानी में तैर सकते हैं। हालांकि, इस पत्थर की कोई वैज्ञानिक जांच अब तक नहीं हुई है।
लेकिन गाजीपुर के हनुमानगढ़ में विज्ञान से ज्यादा आस्था का बोलबाला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चीज को विज्ञान से नहीं तौला जा सकता, कुछ चीजें अनुभव और विश्वास से जुड़ी होती हैं।
देखने आ रही लोगों की भीड़
इस घटना के बाद से हनुमानगढ़ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय मंदिरों में भी भक्तों की संख्या बढ़ गई है। यह स्थान अब एक धार्मिक पर्यटक स्थल बनने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है।
प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। घाट पर स्वच्छता और दिशा-निर्देशों के लिए वालंटियर तैनात किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications