Road Accident: वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने छीनी तीन जिंदगियां
Road Accident: गाजीपुर में रविवार सुबह एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दर्शन से लौटते समय उनकी बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर रसूलपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मऊ जिले के वनदेवी धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर एक युवक, दो महिलाएं और एक बच्ची सवार थीं। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा भिड़ी। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।
अस्पताल में तीन की हुई पुष्टि, महिला गंभीर
जिला अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 70 वर्षीय चंद्रज्योति पाल, उनके 30 वर्षीय भांजे संजीव पाल और दो वर्षीय नतिनी अस्मिता पाल शामिल हैं। घायल महिला कुंती पाल की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे की सूचना के बाद तुरंत मोर्चा संभाला। कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
हादसा संभावित क्षेत्र, फिर भी कोई इंतजाम नहीं
ग्राम प्रधान कमलेश यादव और जिला पंचायत सदस्य रंजीत यादव ने हादसे को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि यह इलाका लंबे समय से दुर्घटना संभावित माना जाता है, फिर भी यहां सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थानीय लोग कई बार प्रशासन से अंडरपास या स्पीड ब्रेकर की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान किया गया होता, तो शायद ये जानें बचाई जा सकती थीं।












Click it and Unblock the Notifications