Ghazipur News: बहन को संपत्ति मिलने पर तिलमिलाया भाई, गाजीपुर में मां-बाप समेत पूरे परिवार को कर डाला खत्म
Ghazipur News: गाजीपुर के डिलिया गांव से रविवार सुबह एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बेटे ने जमीन के झगड़े में अपना आपा खो दिया और मां, पिता और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। परिवार वालों और पड़ोसियों से भी पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की। बताया गया कि आरोपी अभय यादव का अपने पिता से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

इसी भूमि विवाद के बीच कुछ समय पहले पिता शिवराम यादव ने बेटी कुसुम के नाम 15 बिस्वा जमीन कर दी थी। बहन के नाम जमीन किए जाने की जानकारी मिलने के बाद अभय बुरी तरह भड़क गया था। इसी को लेकर वह लगातार अपने पिता से लड़ाई-झगड़ा करने लगा।
रविवार सुबह जब घर में फिर से इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, तो अभय ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसकी मां जमुनी देवी, पिता शिवराम यादव और बहन कुसुम को मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जबतक मौके पर पहुचते तबतक तीनों की मौत हो गई थी।
जमीन के लालच में ही किया हत्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परिवार में काफी समय से संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। शिवराम यादव के पास तीन बीघा ज़मीन थी, जिसमें से कुछ हिस्सा उन्होंने अपनी बेटी के नाम कर दिया था। अभय इस फैसले से बेहद असंतुष्ट था, क्योंकि उसका मानना था कि सारी जमीन केवल उसी की है।
कुसुम की शादी पहले हो चुकी थी लेकिन ससुराल से लौटने के बाद वह मायके में रहने लगी थी। दूसरी शादी के बाद भी वह यहीं रह रही थी, जिससे अभय और अधिक चिढ़ा रहता था। एक महीने पहले जब उसे जमीन का हिस्सा मिला तो अभय का गुस्सा और बढ़ गया।
कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है, जिससे हत्या की गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
एसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जमीन को लेकर हत्या की वजह सामने आ रही है। फिलहाल जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications