Ghazipur accident: ट्रेलर ड्राइवर ने जानबूझकर श्रद्धालुओं को कुचला? पकड़े जाने पर बताया सच, अब तक 9 की मौत
Ghazipur accident: गाजीपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शनिवार को एक और महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। बीती रात पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पुलिस को हादसे की पूरी सच्चाई बताई।
यह घटना वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर रेवसा पेट्रोल पंप के पास हुई थी, जहां श्रद्धालु सड़क पर गिरने के बाद ट्रेलर के नीचे आ गए। दरअसल, शुक्रवार दोपहर 2:42 बजे वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर श्रद्धालुओं से भरे एक पिकअप वाहन का डाला टूट गया।

उसके बाद श्रद्धालु नीचे गिरने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर उनको कुचलते हुए आगे निकल गया। इस हादसे में 9 श्रद्धालुओं की अबतक मौत हुई है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। शुरू में घटना के लिए डंपर को जिम्मेदार माना जा रहा था।
सीसीटीवी के सहारे चालक तक पहुंची पुलिस
हालांकि सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि यह हादसा 18 चक्के वाले ट्रेलर से हुआ था। मामले में आरोपी चालक को गाजीपुर पुलिस ने बड़हलगंज के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं ट्रेलर को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
पुलिस की पूछताछ में चालक ने बताया कि पिकअप वाहन ने पहले उसे ओवरटेक किया, लेकिन पेट्रोल पंप के पास खड़े डंपर से टकरा गया। इस टक्कर की वजह से पिकअप का ऊपरी ढांचा गिर गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर आ गए।
महाकुंभ स्नान से लौट रहे थे श्रद्धालु
हादसे में मृतकों में सुधा चौरसिया, अमर सिंह, नित्या, श्याम सुंदर, भगवानी, पुष्पा यादव, सुरेंद्र गुप्ता, इसरावती सिंह और सुभावती शामिल हैं। घायलों में रामआशरे यादव, मुन्नी सिंह, अंश यादव, गुंजा देवी, आर्यन सिंह, वंदना सिंह, धानमती देवी, सोमारी देवी, घुरहु गुप्ता, गुलजार सिंह और सुभावती शामिल हैं।
सभी श्रद्धालु गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के हरदीचक गांव से थे और प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। हादसे के बाद त्रिलोकी चौरसिया ने नंदगंज थाने में अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रेलर और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications