गाजियाबाद के होटल में थूक लगाकर तंदूरी रोटी बना रहा था, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने हिरासत में लिया
गाजियाबाद, 16 नवंबर। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें एक शख्स रोटी बना रहा है और वह आटे से रोटी बनाते हुए उसमें थूक रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोनी स्थित होटल से उस शख्स को हिरासत में ले लिया है। सीओ रजनीश उपाध्याय ने इस घटना के बारे में बताया कि जांच में पता चला कि थूक कर रोटी बनाने वाला वीडियो लोनी इलाके का है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे पूछताछ की जा रही है। इससे पहले भी गाजियाबाद में रोटी बनाते समय थूक लगाने का मामला सामने आया था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।

सीओ लोनी ने इस बारे में बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति रोटी बनाते समय थूककर तंदूर में डाल रहा है, ऐसा दिख रहा है। जब वीडियो की जांच की गई तो पता चला कि यह लोनी क्षेत्र के बंथला फ्लाईओवर के पास के होटल का है जिसका कामगार उसमें दिख रहा है। उस कामगार को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में मिले तथ्य और सोशल मीडिया में हुए वीडियो के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। किसी की भावना आहत न हो, इसका ख्याल रखा जाएगा।

अक्टूबर महीने में गाजियाबाद शहर में सिहानीगेट क्षेत्र के एक चिकन प्वाइंट का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें भी रोटी बनाने वाला शख्स रोटी बनाते समय उसमें थूक रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने चिकन प्वाइंट के खिलाफ प्रदर्शन किया था और कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने चिकन प्वाइंट के खिलाफ केस दर्ज किया था और रोटी बनाने वाले उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया था। थूक लगाकर रोटी बनाने का एक मामला मेरठ में भी आया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनएसए लगाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications