दंगों को लेकर पुलिस के एक्शन पर भाजपा विधायक ने ही उठाए सवाल, लगाए संगीन आरोप
गाजियाबाद। लोनी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अपनी ही सरकार की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नंदकिशोर गुर्जर के मुताबिक, पुलिस दंगे के नाम पर लोगों की धर पकड़ कर रही है और फिर पैसे लेकर उन्हें छोड़ रही है। इस बात की शिकायत बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की है।

रुपए लेकर शानू को पुलिस ने छोडा
दरअसल, शांतिभंग के आरोप में पुलिस ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के एक सहयोगी और भाजपा युवा नेता शानू निवासी इंद्रा मार्केट को 27 फरवरी को गिरफ्तार किया था। मामले की शिकायत शानू और उसके स्वजनों ने विधायक से की थी। विधायक का कहना है कि जब उन्होंने पुलिस से इस बारे में जानकारी की, तो पुलिस ने कहा कि ये युवक सीएए को लेकर अफवाह फैला रहा था। फिर 2500 रुपए लेकर उस शानू को छोड़ दिया गया।

शिकायत के बात हरकत में आई पुलिस
विधायक के मुताबिक, उन्होंने इस बात की शिकायत उत्तर प्रदेश के आला अधिकारियों से की, तो फिर उसी युवक और उसके पिता को 151 में जेल भेज दिया गया। विधायक के मुताबिक, उन्होंने गाजियाबाद पुलिस के इस कारनामे की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की। विधायक का दावा है कि उसके बाद मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और उसके बाद गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में तैनात हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर मुकदमा दर्ज किया गया।

हेड कॉस्टेबल को किया निलंबित
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर हेड कॉस्टेबल किरणपाल को निलंबित किया गया था। देर रात उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, विधायक के मुताबिक, थाने में किसी को लाना छोड़ना और जेल भेजना बिना थाना प्रभारी के संभव नहीं है, ऐसे में थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications