कोरोना वायरस: गुजरात में मरीजों की संख्या 38 हुई, होम-क्वारंटाइन तोड़ने वाले 147 लोगों पर FIR
गांधीनगर. दुनियाभर में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। गुजरात के अंदर इसके 38 पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं। बीते दिनों यहां एक शख्स की मौत भी हो गई। वहीं, 4 हजार से ज्यादा लोग आइसोलेशन में हैं। गुजरात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने बुधवार को बताया कि, राज्य में कोरोनावायरस के तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब तक प्रदेश भर में 38 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा, यहां 'होम-क्वारंटाइन' तोड़ने वाले 147 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।'

गुजरात में कहां से कितने मरीज पाए गए?
जयंती रवि के मुताबिक, कोरोना के तीन नए मामले अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा से सामने आए हैं, जहां एक-एक मरीज पाया गया। उनमें एक मरीज दुबई से लौटा था, जबकि दो अन्य लोग देश में ही किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से प्रभावित हुए। अब अहमदाबाद में कुल 14, सूरत एवं वडोदरा में सात-सात, गांधीनगर में छह, राजकोट में तीन और कच्छ में एक व्यक्ति कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। इससे पहले राज्य में जिले प्रशासन यह साफ कर चुके हैं कि, लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर व्यक्ति को 6 माह की जेल हो सकती है या 1000 रुपए जुर्माना लगाया जा सकता है।

संक्रमित हो चुके लोगों के नाम उजागर होंगे
गुजरात के अंदर जिन लोगों के ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट वायरस-पॉजिटिव आई है, उन सभी की पहचान उजागर होगी। खुद गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने यह घोषणा की है। पटेल ने कहा कि, कोरोना के मरीजों के नाम उजागर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, ऐसा इसलिए होगा ताकि उनके संपर्क में आए लोगों को पता चल सके कि वे उनसे मिले हैं। सरकार, इस मामले में उचित कार्रवाई भी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications