'कांग्रेस में राजा था, अब मंत्री बनूंगा', गुजरात में उपचुनाव लड़ रहे अल्पेश ठाकोर बोले
गांधीनगर। गुजरात में 23 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अल्पेश ठाकोर को राधनपुर विधानसभा का प्रत्याशी बनाया है। अल्पेश ठाकोर इन दिनों प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में उनका एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वे कहते दिख रहे हैं कि जब मैं कांग्रेस में था तो इस इलाके का राजा था। एक अन्य वीडियो में वह कहते दिखे कि अब मंत्री बनकर लाव-लश्कर के साथ आऊंगा। अल्पेश ने यह भी कहा कि हम आवेदन नहीं लगाएंगे, बल्कि मंत्री के रूप में आदेश देंगे। उपचुनावों के ठीक पहले ही सामने आए उनके ऐसे वीडियो से राजनीति गरमा गई है। उनके बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

वीडियो में अल्पेश कहते दिखाई दे रहे हैं कि अब हम मंत्री बनने वाले हैं, तो विधायक के रूप में नहीं, बल्कि मंत्री के रूप में आएंगे। कोई गुहार नहीं करेंगे, सिर्फ आदेश ही जारी करेंगे। कई माताओं, इष्टदेव के यहां मान्यता अधूरी है जो पूरी होगी। उधर, दूसरे वीडियो में वे यह कहते दिखते हैं कि वे जब कांग्रेस में थे, तब वे जो कहते थे, वह होता था। जब कांग्रेस में थे, तब इस इलाके के राजा थे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को खंडहर पार्टी बताते हुए कहा कि वे जिसे चाहते उसे टिकट दिलवाने की क्षमता रखते थे। खंडहर रजवाड़े में राजा रहने से अच्छा है प्रजा के बीच प्रजा के आदमी के रूप में रहा जाए।

इस मुद्दे पर गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पलटवार करते हुए कहा कि मतगणना के दिन जनता पार्टी बदलने वालों को जरूर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रेम अल्पेश पचा नहीं सके। इसलिए वे भाजपा में शामिल हुए हैं। हालांकि अल्पेश ठाकोर ने अपना बयान वापस लिया है। वहीं, केन्द्रीय मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा कि नेता जनता का सेवक होता है। इसलिए सोच-विचार कर बोलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications