Firozabad: शादी समारोह में 'टिंकू जिया' वाले गाने पर रायफल से हर्ष फायरिंग, Video Viral होने पर पांच गिरफ्तार
हर्ष फायरिंग पर सरकार द्वारा रोक लगाए जाने के बाद भी लोग शादी विवाह व अन्य उत्सव में हर्ष फायरिंग कर अपनी धाक जमाते हैं। ऐसे ही फिरोजाबाद में शादी में फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद 5 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

Firozabad में एक शादी समारोह में रायफल से हर्ष फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने दो रायफल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। सीओ शिकोहाबाद देवेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस द्वारा पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां उसे उन्हें जेल भेज दिया गया।

द्वार पूजा के समय रायफल से किए थे फायरिंग
दरअसल फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद इलाके में बीते शनिवार को एक शादी समारोह में द्वार पूजा के समय बारातियों द्वारा रायफल से हर्ष फायरिंग की गई। पहले बारात लगते समय लोग बग्घी पर सवार होकर कई बार फायर किए। उसके बाद द्वार पूजा के समय भी रायफल से तड़ातड़ गोलियां दागी गई। इतना ही नहीं डीजे पर डांस के दौरान 'पल पल न माने टिंकू जिया' वाले गाने पर भी हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे लेकर तरह-तरह के पोस्ट करने लगे। मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो सिपाही रवीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

रायफल, कारतूस और भारी मात्रा में खोखे बरामद
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई। इस मामले में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले नगला स्वेटा निवासी बीटू, एटा रोड निवासी महेंद्र, खेड़ा मोहल्ला निवासी विमल, अमृत नगर निवासी अमन बघेल और अभिजीत को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो रायफल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किया। पकड़ी गई रायफल में एक राइफल सिंगल और एक रायफल डबल बैरल की बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस द्वारा उनके पास से भारी मात्रा में खोखा भी बरामद किया। गिरफ्तारी और बरामदगी होने के बाद पुलिस द्वारा सभी लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजी जाएगी रिपोर्ट
इस बारे में शिकोहाबाद क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर शादी में हर्ष फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज की गई। मुकदमा दर्ज करने के बाद 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से रायफल‚ कारतूस और भारी मात्रा खोखा बरामद किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बरामद रायफल का लाइसेंस लिया गया था, हालांकि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग किए जाने के चलते लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी। लाइसेंस निरस्त करवाने के साथ ही लाइसेंस धारकों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications