Star Kids: परिवारवाद के बावजूद बॉलीवुड में हर स्टार किड नहीं होता सफल
बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने ई-टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में नेपोटिज्म पर बात करते हुए कहा कि मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन मीडिया को बस यही एक शब्द मिल गया है, जिसे वह उछाल देता है।
बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने ई-टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में नेपोटिज्म पर बात करते हुए कहा कि मैं किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं, लेकिन मीडिया को बस यही एक शब्द मिल गया है, जिसे वह उछाल देता है। अभिषेक बच्चन ने यह भी कहा कि दर्शकों में उत्सुकता तब बढ़ जाती है जब किसी अभिनेता के बेटा-बेटी डेब्यू करने के लिए तैयार होते हैं। आपको बता दें कि नेपोटिज्म की इस लिस्ट में अभिषेक बच्चन ही नहीं बल्कि अनेक नाम शामिल हैं। यह सभी स्टार किड्स कुछ फिल्मों में दिखने के बाद बुरी तरह फ्लॉप हो गये। इनकी कुछ फिल्में सफल भी हुईं तो साथी कलाकारों की वजह से। इन सभी ने अपने फिल्मी करियर पर खुलकर चर्चा भी की है।
उदय चोपड़ा
उदय चोपड़ा बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक यश चोपड़ा के बेटे हैं। उदय चोपड़ा का बॉलीवुड करियर सफल नहीं रहा। उनकी कुछ ही फिल्में हिट हुई थीं, जिनमें धूम, मेरी यार की शादी है और मोहब्बतें आदि मल्टी स्टारर शामिल हैं। उनके भाई और फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा ने हाल ही में 'द रोमांटिक्स' नामक एक डॉक्यूमेंट्री में उदय के असफल करियर के बारे में बात की। आदित्य ने कहा कि एक प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता का बेटा होने के बावजूद, उदय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान नहीं बना सका। उदय ने खुद कहा है कि वह अब अभिनय को करियर नहीं मानते हैं।

तुषार कपूर
तुषार कपूर बॉलीवुड के सबसे मशहूर अभिनेताओं में से एक जितेंद्र के बेटे है। तुषार कपूर के बॉलीवुड एक्टिंग करियर में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। फिल्म फेयर के साथ एक इंटरव्यू में तुषार ने बताया कि उन्हें कठिन समय का सामना करना पड़ा जब उनकी फिल्मों को शुरुआती कुछ वर्षों में अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। इसके बावजूद, उन्होंने लोगों की सोच से कहीं अधिक हिट फिल्में दी हैं, हालांकि इनमें से अधिकांश फिल्मों में वह मुख्य भूमिका में नहीं है। तुषार को गोलमाल फ्रेंचाइजी में उनके किरदार के लिए जाना जाता है।
जायद खान
जायद खान बॉलीवुड अभिनेता संजय खान के बेटे हैं। जायद खान का बॉलीवुड करियर अच्छा नहीं रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जायद ने अपने करियर में सही फिल्मों का चयन नहीं किया जिसकी वजह से वह फिल्म इंडस्ट्री से गायब हो गये। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक जायद को उस समय कठिन दौर से गुजरना पड़ा जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं और उनके पास कोई नई फिल्म भी नहीं थी। जायद ने 'मैं हूं ना' से अपने करियर की शानदार शुरुआत की थी। जायद की आखिरी बॉलीवुड फिल्म 7 साल पहले रिलीज हुई थी।
सुनील आनंद
सुनील आनंद बॉलीवुड दिग्गज अभिनेता देव आनंद और अभिनेत्री कल्पना कार्तिक के बेटे हैं। सुनील ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1984 में हिंदी फिल्म 'आनंद और आनंद' से की थी। इसके अलावा सुनील ने चार और फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें से उनकी आखिरी फिल्म 2001 में रिलीज हुई 'मास्टर' थी। अपने करियर की शुरुआत में अपने पिता के साथ के बावजूद, सुनील बॉलीवुड में अपना करियर बनाने में सफल नहीं हो पाए। हालांकि, सुनील एक निर्देशक और लेखक भी हैं, और वह हॉलीवुड में भी काम कर चुके है।
शादाब खान
'शोले' फिल्म में गब्बर का किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता अमजद खान के बेटे शादाब खान बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अपना कमाल नहीं दिखा पाए। शादाब खान ने अपने पिता की मृत्यु के पांच साल बाद 1997 में बॉलीवुड में कदम रखा। लेकिन वह अपने पिता के समान नाम और प्रसिद्धि हासिल नहीं कर सके। इंडिया फोरम पर एक लेख के अनुसार, शादाब खान को उनकी पहली फिल्म में ही नकार दिया गया था। शादाब खान की कुछ मुख्य फिल्मों में हाइवे 203, बेताबी, रोमियो अकबर वाल्टर, चिकन करी कानून, रेफ्यूजी, भारत भाग्य विधाता शामिल हैं।
करन देओल
करन देओल बॉलीवुड के अभिनेता सनी देओल के बेटे और अभिनेता धर्मेंद्र के पोते है। करन देओल ने 2019 में फिल्म पल पल दिल के पास से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि उनकी पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक इंटरव्यू में करन ने बताया कि डेब्यू के बाद उन्हें अकेले छोड़ दिया गया था।
सोहा अली खान
सोहा अली खान भारतीय क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर की बेटी है। सोहा अली खान के बॉलीवुड करियर में भी कई उतार-चढ़ाव रहे हैं। सोहा ने आईएएनएस से एक इंटरव्यू में कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें अभिनेत्री बनने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया और उन्हें रोका भी था। इसके बावजूद, सोहा ने उनकी बात नहीं मानी और अभिनय करना जारी रखा। सोहा ने कई फिल्मों में काम किया, जिनमें रंग दे बसंती, खोया खोया चांद और दिल कबड्डी शामिल हैं। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में सोहा को खास सफलता नहीं मिली।
तनिषा मुखर्जी
तनीषा मुखर्जी बॉलीवुड अभिनेत्री तनुजा की बेटी और अभिनेत्री काजोल की बहन है। तनीषा मुखर्जी का बॉलीवुड करियर कुछ खास नहीं रहा। तनीषा ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत फिल्म 'Shhh' से की थी, लेकिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन नहीं किया। फिर 2005 में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'नील एन निक्की' ने भी दर्शकों पर कोई जादू नहीं किया। बॉलीवुड हंगामा के साथ एक इंटरव्यू में तनीषा ने कहा कि बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री पूरी तरह से पैसे के दम पर निर्भर है और यह एक व्यवसाय बन गया है।
ईशा देओल
ईशा देओल बॉलीवुड के सबसे मशहूर अभिनेताओं में से एक धर्मेंद्र और अभिनेत्री हेमा मालिनी की बेटी है। ईशा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 'कोई मेरे दिल से पूछे' से की, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर भी मिला। ईशा देओल के करियर में एक ऐसा समय भी आया जब उनकी एक साथ कई सारी फिल्में बॉक्स पर नहीं चली। हालांकि, उन्होंने धूम, काल, दस और नो एंट्री जैसी कई हिट फिल्में भी दीं। इंडिया फोरम पर एक पोस्ट के अनुसार, ईशा देओल कई कारणों से दर्शकों से नहीं जुड़ पाईं, जिनमें खराब अभिनय, अपनी मां के साथ लगातार तुलना और किसी फिल्म में कोई यादगार प्रदर्शन न होना शामिल है।
फरदीन खान
फरदीन खान बॉलीवुड अभिनेता फिरोज खान के बेटे है। कई फिल्मों में, जैसे 'फिदा', 'नो एंट्री' और 'हे बेबी' में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद, फरदीन बॉलीवुड पर अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे। फरदीन की पहली फिल्म 'प्रेम अगन' के बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद, उनके पास कोई काम नहीं था, और जिन निर्माताओं ने उन्हें अन्य फिल्मों के लिए साइन किया था, उन्होंने भी उनसे अपने पैसे वापस ले लिए। फरदीन ने 2010 में, अपनी आखिरी फिल्म में काम किया था। 2022 में फरदीन ने खुलासा किया कि उनके करियर की सबसे बड़ी गलती अभिनय की कला में अपना 100 प्रतिशत न दे पाना था।












Click it and Unblock the Notifications