School Bus Accident: बढ़ते स्कूल बस हादसों के लिए दोषी कौन?
School Bus Accident: 12 अप्रैल 2024 को दिल्ली के आईपी स्टेट थाना क्षेत्र में एक बेकाबू निजी स्कूल बस ने ऑटो और बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। बस में भी 42 बच्चे सवार थे, जिनमें एक बच्चे के घायल होने की सूचना है।
वहीं ईद-उल-फितर के दिन महेंद्रगढ़ (हरियाणा) में भी एक बड़ा हादसा हुआ। जिसमें कनीना के जीएलपी (प्राइवेट) स्कूल की एक बस रोड़ किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई, जिसमें 6 बच्चों की मृत्यु हो गई व 15 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे का कारण ड्राइवर का नशे में होना बताया जा रहा है। कारण कुछ भी हो, परंतु इन हादसों से, जो बच्चे अपने भविष्य के सुनहरे सपने लेकर शिक्षा हेतु स्कूल जा रहे थे, वे मौत की नींद सो गये। आइये, ऐसे ही कुछ बड़े स्कूल बस हादसों के बारे में जानते हैं।

11 जुलाई, 2023: गाजियाबाद में स्कूल बस और एसयूवी की टक्कर में 6 की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 11 जुलाई 2023 के दिन दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में चलती हुई एक स्कूल बस ने एक एसयूवी को सामने से टक्कर मार दी, जिस कारण 2 बच्चों सहित 6 लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि स्कूल बस का ड्राइवर लगभग 9 किलोमीटर तक बस को एक्सप्रेसवे पर उल्टी दिशा में चलाता रहा और आखिर में उसने सही दिशा में चल रही एक एसयूवी को सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार में बैठे सभी 8 व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए, इनमें से दो बच्चों सहित 6 व्यक्ति मौत का शिकार हो गए।
9 अप्रैल 2018: हिमाचल में 23 बच्चों सहित 27 की मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में 9 अप्रैल 2018 को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। जिसमें एक स्कूल बस 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 23 स्कूली बच्चे (कक्षा 5 से छोटे), ड्राइवर व अध्यापकों सहित 27 लोगों की मौत हो गई तथा 10 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए। बस में कुल 35 बच्चों सहित 40 लोग सवार थे।
6 जनवरी 2018: इंदौर में स्कूल बस ट्रक से भिड़ी, 4 बच्चों सहित 5 की मौत
मध्य प्रदेश के इंदौर में बायपास रोड पर 6 जनवरी 2018 को डीपीएस स्कूल बस और ट्रक की भीषण टक्कर हुई। जिसमें 4 बच्चों व बस ड्राइवर की मौत हो गई। इसके अलावा बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए। ड्राइवर और 3 बच्चों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 बच्चे की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हुई।
12 जनवरी 2016: स्कूल बस नाले में गिरने से 3 छात्रों की मौत
पंजाब के बटाला जिले के थाथा गांव में 12 जनवरी 2016 की सुबह एक स्कूल बस जीट से टकराकर पास के नाले में गिर गई। जिसके कारण 2 बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा एक छात्र की अस्पताल में मौत हुई। वहीं 36 अन्य छात्र इस हादस में घायल हुए।
16 अगस्त 2016: जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसा में 3 की मौत
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में 16 अगस्त 2016 को एक स्कूल बस सड़क हादसे के दौरान पलट गई। जिसमें 3 लोगों की मौत व 26 अन्य घायल हो गये।
4 दिसंबर 2014: यूपी में ट्रेन व वैन की टक्कर ने 5 बच्चों को दी मौत
उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के रानीपुर में एक मानवरहित रेलवे क्रांसिंग पर 4 दिसंबर 2014 को आजमगढ़ वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन व स्कूल बस की टक्कर हुई। हादसे में दो सगे भाई-बहनों सहित 5 बच्चों की मौत हुई तथा 25 अन्य घायल हो गये। हादसे के कारणों में ड्राइवर इयरफोन लगाकर बस चला रहा था, जिसके चलते उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी।
4 मार्च 2013: जालंधर में 12 बच्चों की मौत
पंजाब के जालंधर में 4 मार्च 2023 की सुबह करीब 8 बजे अकाल एकेड़मी प्राइवेट स्कूल वैन की जालंधर- नकोदर मार्ग पर ईंटों से भरे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 7 बच्चों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य की अस्पताल ले जाते समय हुई। कुल मिलाकर इस हादसे में 12 बच्चों व वैन चालक की मौत हुई। हादसे के कारणों में ओवरटेक करते समय वैन तेज गति के कारण सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। वैन में 10 साल से कम आयु के 24 बच्चे सवार थे।
30 जुलाई 2013: हनुमानगढ़ हादसे में 11 बच्चों की गई जान
हनुमानगढ़ (राजस्थान) के अमरसिंहवाला गांव के पास 30 जुलाई 2013 की सुबह 7.15 बजे हुए भयानक सड़क हादसे ने 11 बच्चों को मौत की नींद सुला दिया। मृतक बच्चों में 4 बच्चियां भी थी। जबकि अन्य 24 बच्चे घायल हुए। सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल बस की ओवरटेक करते हुए पीलीबंगा क्षेत्र में एक ट्रक से सीधी टक्कर हुई। 7 बच्चों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस में 9 से 16 साल के कुल 35 बच्चे सवार थे।
2 जनवरी 2012: अंबाला में 13 बच्चों व ड्राइवर की मौत
2 जनवरी की सुबह अंबाला के पास साहा-शाहाबाद रोड़ पर घने कोहरे के कारण अर्जुन देव पब्लिक स्कूल (साहा) की बस की टक्कर एक ट्रक से हो गई। 23 बच्चों को ले जाती बस की टक्कर इतनी भयानक थी कि ड्राइवर व 7 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। 6 बच्चों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सभी बच्चों की उम्र 5 से 10 साल थी।
20 मार्च 2012: आंध्र प्रदेश में स्कूल बस नहर में गिरी, 14 बच्चों की मौत
आंध्र प्रदेश के खम्मम जिले के चंद्रूगोड़ा मंडल में 20 मार्च 2012 को एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। बस में कुल 50 छात्र सवार थे। जिसमें से 14 बच्चों की मौत हो गई तथा 20 छात्र घायल हुए। मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 10 से 12 वर्ष थी।
देश भर ऐसी अनेकों दुर्घटनाएं से शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते-जाने बच्चों को मौतें प्राप्त हो रही है। इन स्कूल बस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार (स्कूल प्रबंधक, ड्राइवर या अन्य) किसी को भी माना जाए, परंतु जो माता-पिता आर्थिक भार सहित अनेकों कष्ट सहते हुए अपने बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए स्कूल भेजते है, उनके लिए ऐसी सूचना मिलना भयंकर आघात समान है।












Click it and Unblock the Notifications