PM Fasal Bima: क्या है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जानें कितने किसानों को पहुंचा लाभ ?

भारतीय कृषि मंत्रालय ने बताया है कि 30 जुलाई 2023 को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए लगभग 50 लाख किसानों ने पंजीकरण किया है। यह एक दिन में सर्वाधिक पंजीकरण का रिकार्ड बन गया है। जबकि इसी वर्ष 29 जुलाई को भी करीब 41 लाख किसानों ने पीएम फसल बीमा योजना के लिए पंजीकरण किया था।

अभी तक भारत के विभिन्न राज्यों से लगभग 3 करोड़ से भी ज्यादा किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए पंजीकरण किया है। जिसको देखते हुए कृषि मंत्रालय ने प्रधानमंत्री फसल बीमा के लिए 10 राज्यों में पंजीकरण की तिथि को बढ़ा दिया है।

PM Fasal Bima

क्या है प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना?

भारत के कई राज्यों में भारी बारिश के कारण कभी बाढ़ जैसे हालात तो कभी बारिश न होने के कारण सूखे जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ता है। इसके साथ-साथ अनेक कीट-पतंगों व अन्य प्राकृतिक व अप्राकृतिक कारणों से भी फसल या तो बर्बाद हो जाती है अथवा फसल में काफी नुकसान होता हैं। किसानों की इन समस्यों के मद्देनजर ही केंद्र सरकार ने 18 फरवरी 2016 को 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' लागू की। जिसके अंतर्गत किसानों को उनके नुकसान की भरपाई की जा सकती है। योजना में पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई होती है, लेकिन कुछ परिस्थितियों में इस तिथि को बढ़ाया भी जा सकता है।

पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों की रबी और खरीफ की फसलों का बीमा किया जाता है। जिसमें पंजीकृत किसान को प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके लिए सर्वप्रथम किसानों को योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmfby.gov.in/ पर पंजीकरण कर बीमा के प्रीमियम का भुगतान करना होता है। पंजीकरण होने के उपरांत जब भी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल खराब होती है, तो उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत नुकसान की भरपाई की जाती है।

कैसे मिलता है लाभ?

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजना है। जिसमें अधिकतर राज्यों में केंद्र और राज्य का प्रीमियम 50-50 प्रतिशत होता है। वहीं उत्तर पूर्व राज्यों में केंद्र का प्रीमियम 90 प्रतिशत तक भी है। योजना में पंजीकृत किसानों को जब प्राकृतिक आपदा के कारण कृषि में नुकसान होता है तो उसके लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आर्थिक सहायता हेतु दावा किया जाता है। प्रीमियम का भुगतान अलग-अलग राज्यों और फसलों के आधार पर तय होता है, जिसका निर्धारण केंद्र की समितियों द्वारा किया जाता है। अभी नकदी फसलों के लिए प्रीमियम की दरें 5 प्रतिशत, खरीफ फसलों के लिए 2 प्रतिशत और रबी की फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत निर्धारित है।

कितने किसानों ने किया पंजीकरण?

पीएम फसल बीमा योजना के प्रथम चरण यानि वित्तीय वर्ष 2016-17 में भारत के करीब सभी राज्यों से लगभग 5.84 करोड़ किसानों ने पंजीकरण किया था। जिसमें महाराष्ट्र से सर्वाधिक लगभग 1.19 करोड़ किसानों ने इस बीमा योजना में पंजीकरण किया। 93.5 लाख पंजीकरण के साथ राजस्थान दूसरे स्थान व 72.89 लाख पंजीकरण के साथ उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। मेघालय से सबसे कम लगभग 100 पंजीकरण ही हुए। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर ऐसा राज्य रहा, जहां से इस योजना में कोई भी पंजीकरण नहीं हुआ।

अगर कृषि भूमि क्षेत्रफल की बात करें तो वित्तीय वर्ष 2016-17 में 5.61 करोड़ हेक्टेयर भूमि पीएम फसल बीमा योजना के तहत पंजीकृत हुई। जिसका ₹203,110 करोड़ का बीमा हुआ, जिसके लिए कुल प्रीमियम ₹21,654 करोड़ भरा गया, जिसमें से किसानों का प्रीमियम ₹4,078 करोड़ था।

वित्तीय वर्ष 2017-18 के दौरान लगभग 5.33 करोड़ किसानों ने 5.07 करोड़ कृषि भूमि को पीएम फसल बीमा योजना में पंजीकरण किया। इस वर्ष भी महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा करीब 1.03 करोड़ किसान पंजीकृत हुए। कुल ₹202,282 करोड़ के बीमा कवर में ₹24,670 करोड़ का प्रीमियम रहा, जिसमें किसानों की हिस्सेदारी ₹4,204 करोड़ रही।

पीएम फसल बीमा योजना में वित्तीय वर्ष 2019-20 में किसानों की संख्या बढ़कर 6.129 करोड़ व भूमि क्षेत्र 5.01 करोड़ हेक्टेयर पहुंच गया। जिसके लिए ₹219,040 करोड़ का बीमा तथा कुल ₹32,022 करोड़ का प्रीमियम रहा, जिसमें किसानों की हिस्सेदारी ₹4502 करोड़ रूपये रही।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में 8.273 करोड़ किसानों ने 4.566 करोड़ हेक्टेयर कृषि भूमि का ₹1,79,827.8 करोड़ का बीमा किया। जिसमें किसानों द्वारा ₹3762 करोड़ का प्रीमियम भुगतान किया गया।

किसानों को कितना मिला लाभ?

वित्तीय वर्ष 2016-17 में लगभग 1.56 किसानों ने ₹16,809 करोड़ का बीमा क्लेम किया। जिसमें पीएम फसल बीमा योजना के तहत संपूर्ण क्लेम का भुगतान किया गया। वित्तीय वर्ष 2017-18 में करीब 1.77 करोड़ किसानों ने ₹22,127 करोड़ का बीमा क्लेम किया। जिसमें से ₹22,118 करोड़ का भुगतान किया गया।

2.236 करोड़ किसानों ने वित्तीय वर्ष 2019-20 में ₹26,893 करोड़ का बीमा क्लेम किया। जिसमें से करीब 96 प्रतिशत यानि ₹25,822 करोड़ का भुगतान किसानों पीएम फसल बीमा योजना के तहत किया गया।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में 2.158 करोड़ किसानों ने ₹12,978 करोड़ का बीमा क्लेम किया। जिसमें से ₹12,002.5 करोड़ के बीमा क्लेम का किसानों को भुगतान हुआ। यानि करीब 92.5 प्रतिशत बीमा क्लेम का भुगतान किया गया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+