Macron Drinks Beer: शराब और बियर पीने के शौकीन हैं दुनिया के ये नामी राजनेता
Macron Drinks Beer: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों महज 17 सेकेंड में बियर की बोतल गटक गये। उनका बियर पीते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसे लेकर दुनियाभर के लोग अलग-अलग तरह के कमेंट कर रहे हैं। दरअसल फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों रग्बी खिलाड़ियों के घरेलू लीग का फाइनल मैच जीतने के सेलिब्रेशन में पहुंचे थे।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने बीयर की बोतल खोली और फिर उसे हवा में लहराया। इसके बाद सिर्फ 17 सेकंड में वह उस बोतल की पूरी बीयर पी गये। इस दौरान वहां खड़े सभी खिलाड़ी उनका हौसला बढ़ाते दिखे। इस वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद दुनियाभर में इसे लेकर बहस छिड़ गई है।

हालांकि, इमैनुएल मैक्रों दुनिया के इकलौते नेता नहीं है जो शराब पीने को लेकर चर्चाओं में आए हैं। दुनिया के कई ऐसे बड़े नेता व राष्ट्राध्यक्ष रहे हैं, जिनके शराब पीने की चर्चाएं बहुत आम थी। वे सार्वजनिक रूप में पीने से भी कभी हिचकिचाते नहीं थे।
शराब के शौकीन किम जोंग उन
'द टेलीग्राफ' की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार उत्तर कोरिया के 40 वर्षीय तानाशाह खूब शराब पीते हैं। इसकी वजह से किम जोंग का वजन 300 पाउंड (136 किलोग्राम) से अधिक हो गया है। हालांकि, नॉर्थ कोरिया में मीडिया पर नियंत्रण होने की वजह से वहां के नेताओं की निजी जिंदगी खुलकर सामने नहीं आती है।
रुसी राष्ट्रपति पुतिन का नशे में 'धुत' वीडियो हुआ था वायरल
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन शराबी नहीं है। मगर कभी-कभार उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर आ जाते हैं जिसमें वह अपने हाथों में वाइन या बियर का ग्लास पकड़े दिख जाते हैं। हालांकि, राष्ट्रपति पुतिन ने कभी खुलकर स्वीकार नहीं किया कि वह शराब का सेवन करते हैं। ऐसे ही दिसंबर 2022 में ब्लादिमीर पुतिन का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह हाथ में वाइन लेकर यूक्रेन हमले की चर्चा कर रहे थे। राष्ट्रपति पुतिन तब यह बता रहे थे कि क्यों यूक्रेन पर हमला हुआ और अभी हमले कबतक चलेंगे?
शराब पीने लंदन के लोकल पब गये चीनी राष्ट्रपति?
'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2015 में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिटेन के दौरे पर थे। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति यूके की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान कुछ पारंपरिक शराब आजमाने के इच्छुक थे, इसके लिए प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने भी उन्हें कहा था। तब ब्रिटिश प्रधानमंत्री कैमरन लंदन के उत्तर-पश्चिम में चेकर्स के पास प्रिंसेस रिसबोरो में एक पब में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पहुंचे और वहां दोनों ने एक-एक पाउंड बियर पी। साथ ही पारंपरिक मछली और चिप्स का भी आनंद लिया।
बियर के शौकीन जस्टिन ट्रूडो
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक बार हफिंगटन पोस्ट को बताया कि वह शराब के बजाय बियर पीना पसंद करते हैं। ट्रूडो के खाने-पीने की दिनचर्या को लेकर 'इनसाइर' वेबसाइट ने लिखा है कि शायद ट्रूडो बियर इसलिए पीते हैं कि विज्ञान यह सुझाव देता है कि बियर में भारी मात्रा में विटामिन ई होती है और इससे त्वचा स्वस्थ रहती है और बाल मजबूत होते हैं। वहीं उम्र बढ़ने की प्रक्रिया भी धीमी होती है।
जर्मन चांसलर पीते हैं शराब
साल 2021 में जर्मनी के चांसलर बने ओलाफ शोल्ज अक्सर पार्टियों में अन्य जगहों पर बियर पीते दिख जाते हैं। हालांकि, न उन्होंने कभी इस मामले पर सफाई दी और न कभी उनसे इससे संबंधित कोई सवाल किया गया। वैसे कई बार तो वह राजनीतिक पार्टियों द्वारा रखी गई पार्टी में भी बाकी नेताओं के साथ बियर और वाइन पीते दिखाई दे जाते हैं।
इतिहास में शराब के शौकीन नेता
फ्रैंकलिन रूजवेल्ट अमेरिका के सबसे अधिक शराबी राष्ट्रपतियों में गिने जाते हैं। उनके ठीक पीछे ही जॉन ऍफ. कैनेडी और जॉर्ज डब्लू. बुश सीनियर का भी नाम है, जो खूब शराब पीते थे। इस बीच जॉर्ज डब्लू. बुश को तो 1976 में शराब पीकर पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। तब बुश 30 साल के थे और उन्होंने 150 डॉलर का जुर्माना अदा किया था। वहीं मार्टिन लूथर का बियर प्रेम जगजाहिर ही था।
दूसरे विश्वयुद्ध के समय विंस्टन चर्चिल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री थे। चर्चिल की दो कमजोरियां मशहूर थीं, पहली फ्रेंच शराब और दूसरी हवाना का सिगार। वहीं कई रिपोर्ट यह बताती हैं कि दक्षिण अफ्रीका के महान नेता नेल्सन मंडेला भी कभी-कभी सफेद वाइन का आनंद लिया करते थे।












Click it and Unblock the Notifications