Lok Sabha Candidates: लोकसभा 2024 के चुनाव में अपना दम दिखाएंगे ये पांच खिलाड़ी
Lok Sabha Candidates: अप्रेल और मई महीनों में देशभर में लोकसभा के चुनाव होने हैं। हालांकि अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन पार्टियां जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश और घोषणा करने में लगी हुई हैं।
हर पार्टी वोटरों को लुभाने के लिए हमेशा से ही फिल्मी जगत के सितारों और क्रिकेटरों को अपना उम्मीदवार बनाते आई है। इस बार भी कई पार्टियों ने इस परंपरा को जारी रखा है। जिसमें सबसे आगे तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी दिख रही है। हालांकि, अभी तक सभी पार्टियों ने अपने पूरे उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, फिर भी अभी तक घोषित लिस्ट में कुछ खिलाड़ी लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ रहे हैं या लड़ सकते हैं।

यूसुफ पठान
लोकसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लिए अपने 42 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे उल्लेखनीय नाम पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान का है, जिनकी चर्चा खूब हो रही है। यूसुफ पठान विश्वकप 2011 में विजेता टीम के सदस्य भी रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने गुजरात में बड़ौदा के रहने वाले पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को पश्चिम बंगाल की बहरमपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। राजनीतिक गलियारे में इस बात की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि ये सीट लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी का गढ़ मानी जाती है। अधीर रंजन चौधरी साल 1999 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने अभी इस सीट से अधीर रंजन की उम्मीदवारी का ऐलान नहीं किया है लेकिन यह माना जा रहा है कि उन्हें इस सीट से फिर एक बार उतारा जा सकता है।
कीर्ति आजाद
साल 1983 में कपिल देव की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्वकप जीता था। कीर्ति आजाद उस विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। कीर्ति आजाद को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता भागवत झा आजाद, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री (14 फरवरी 1988 से 10 मार्च 1989 तक) थे।
कीर्ति आजाद भाजपा के टिकट पर पहली बार 1993 में दिल्ली के गोल मार्केट इलाके से विधायक चुने गए थे। इसके बाद दरभंगा लोकसभा सीट से तीन बार सांसद भी बने। फिर कीर्ति आजाद ने फरवरी 2019 में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली। इसके बाद 2021 में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। अब कीर्ति आजाद को टीएमसी ने बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा सीट से टिकट दिया है। वे पहली बार टीएमसी के टिकट पर पश्चिम बंगाल से चुनाव लड़ेंगे।
देवेंद्र झाझड़िया
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में सबसे खास नाम पैरालंपिक में दो बार गोल्ड व एक बार रजत पदक दिला चुके राजस्थान के देवेंद्र झाझड़िया का है, जिन्हें भाजपा ने राजस्थान के चुरू से प्रत्याशी बनाया है। देवेंद्र झाझड़िया को टिकट देने के लिए भाजपा ने चुरू के 2 बार के सांसद रहे राहुल कस्वां का टिकट काट दिया गया है। देवेंद्र झाझड़िया एक भाला फेंक खिलाड़ी हैं। उन्होंने एथेंस में 2004 के ग्रीष्मकालीन पैरालिंपिक में भाला फेंक में अपना पहला गोल्ड जीता था।
मोहम्मद शमी
इंडिया टुडे टीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी नेतृत्व ने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा है, जिसकी चर्चा सकारात्मक रही है। सबकुछ ठीक रहा तो मोहम्मद शमी पश्चिम बंगाल के बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। ये लोकसभा क्षेत्र फिलहाल संदेशखाली हिंसा को लेकर चर्चा में है। संदेशखाली इसी लोकसभा के अंतर्गत आता है।
अभी बंगाली फिल्म अभिनेत्री नुसरत जहां बशीरहाट से सांसद हैं। हालांकि, इस बार टीएमसी ने उनका टिकट काटकर इस सीट से हाजी नुरुल इस्लाम को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा इस सीट से शमी पर दांव लगाने का सोच रही है क्योंकि ये एक मुस्लिम बहुल क्षेत्र है। वैसे कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बीजेपी की दूसरी लिस्ट में इस सीट से मोहम्मद शमी का नाम हो सकता है।
नवजोत सिंह सिद्धू
80-90 के दशक के मशहूर पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। इस बार वे भाजपा के टिकट पर नहीं बल्कि कांग्रेस के टिकट पर लड़ सकते हैं। पंजाब में अपनी ही पार्टी कांग्रेस के लिए सिरदर्द बन चुके नवजोत सिंह को पार्टी पटियाला लोकसभा से चुनाव लड़वा सकती है।
कई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस ऐसा करके एक तीर से दो निशाना साधने की तैयारी में है। क्योंकि, सिद्धू की प्रदेश के नेताओं के साथ जम नहीं रहा है। ऐसे में अगर सिद्धू लोकसभा का चुनाव लड़ते हैं तो एक ही सीट पर सिमट कर रह जाते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस उनका मुकाबला पटियाला शाही खानदान के कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर से करवाना चाहती है, जिनकी पकड़ पटियाला लोकसभा पर है। खबरों के मुताबिक परनीत कौर भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। वैसे नवजोत सिंह सिद्धू का पैतृक घर भी पटियाला ही है।












Click it and Unblock the Notifications