India Pakistan Cricket: क्रिकेट को बदजुबानी के खेल में बदलने में माहिर पाकिस्तानी
India Pakistan Cricket: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच जुनून के हद तक देखा जाता है। पर जुनून और जज्बात में कई बार पाकिस्तानी नेता और वहां के अधिकारी मर्यादाओं की बाउंड्री लांघ जाते हैं। ऐसे ही कई प्रकरण सामने आए हैं, जब पाकिस्तानियों ने अपने शब्दों से खेल की मर्यादा को तार तार कर दिया। अच्छी बात है कि भारत के खिलाड़ी उनका जवाब हमेशा अपने अच्छे प्रदर्शन से देते हैं। एक निगाह मारते हैं उन बयानों और कटाक्षों पर, जो खेल के मैदान से नहीं, बल्कि सत्ता के गलियारों या पाकिस्तानी संस्थानों से आए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का सस्ता कमेंट
2 सितंबर को एशिया कप 2023 के उदघाटन मैच में शाहीन अफरीदी ने अच्छी गेंदबाजी क्या कर दी, शहबाज शरीफ फुल कर कुप्पा हो गए। अफ्रीदी ने सिर्फ 35 रन देकर चार विकेट लिए, जिससे भारत सिर्फ 266 का स्कोर बनाने में सफल रहा। अब शहबाज की जुबान देखिए। वह एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहते हैं - "रोहित, कोहली आदि अफरीदी को खेल ही नहीं सकते।" उन्हीं रोहित और कोहली ने 11 सितंबर के मैच में अफरीदी ही नहीं, पाकिस्तान के सभी बॉलरों को दिन में तारे गिनवा दिए। अफरीकी ने तो 10 ओवर में केवल एक विकेट लेकर 79 रन दिए। उनकी गेंदों को भारतीय बल्लेबाजों ने ना सिर्फ आराम से खेला, बल्कि लगातार बाउंड्री का रास्ता भी दिखाया। काश शहबाज शरीफ कल के मैच पर भी कुछ कहते। कम से कम यह तो कहते कि खेल को खेल भावना से ही लिया जाना चाहिए। व्यक्तिगत खुन्नस के माध्यम के रूप में नहीं।

शोएब अख्तर का बेजा कमेंट
27 अक्टूबर, 2022 को टी20 विश्व कप 2022 के सुपर 12 मैच में जिम्बाब्वे से पाकिस्तान की हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम पर जमकर निशाना साधा और साथ में बेजा कमेंट भी कर दिया कि भारत भी अच्छी टीम नहीं है। ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार अख्तर ने जिम्बाब्वे से हार के बाद पाकिस्तानी टीम की आलोचना करते हुए कहा भारतीय टीम भी अच्छी नहीं है, टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में हार जाएगी। शोएब अख्तर के इस कमेंट के लिए उन्हें कई ट्रॉल्स का सामना करना पड़ा और सोशल मीडिया पर भी उनका बहुत मजाक उड़ाया गया।
ये इस्लाम की जीत है!
24 अक्टूबर 2021 को टी20 विश्व कप मैच में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत के बाद पाकिस्तान के तत्कालीन आंतरिक मंत्री शेख रशीद अहमद ने एक विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत इस्लाम की जीत है। दुनिया भर के सभी मुसलमान खुशी मना रहे हैं। हालांकि उनके इस बयान के लिए उनकी खूब आलोचना हुई। खेल को राजनीति और धर्म से अलग करने की आवश्यकता बताई गई। इस मैच को पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत लिया था, जो टी20 इंटरनेशनल में उनकी पहली 10 विकेट की जीत थी और 1992 के बाद विश्व कप में भारत के खिलाफ पहली जीत।
मियांदाद ने भारत के नरक में जाने की बद्दुआ दी
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने 19 जून 2023 को भारतीय क्रिकेट टीम के बारे में एक विवादास्पद टिप्पणी की। क्रिकेट के अनुसार उन्होंने एशिया कप 2023 के लिए भारतीय टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने के फैसले पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड को नरक में जाने की बद्दुआ दी। मियांदाद को मुंहतोड़ जवाब देते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद ने लिखा कि वे नरक में जाने से इंकार कर रहे हैं। उनके नरक का आशय पाकिस्तान से था। मियांदाद ने बाद में अपनी टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुँचाने का नहीं था और भारतीय टीम का पाकिस्तान में खेलने के लिए स्वागत है।
शारजाह में खेलने से डरता है भारत!
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने 3 सितंबर 2022 को भारतीय क्रिकेट टीम के बारे में एक विवादास्पद बयान दिया। कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन और अतुल वासन सहित पूर्व भारतीय क्रिकेटरों के साथ एक टेलीविजन डिबेट के दौरान बख्त ने पूछा भारत कभी शारजाह या अबू धाबी में क्यों नहीं खेलता, वे केवल दुबई में ही क्यों खेलते हैं। क्या आप शारजाह में खेलने से डरते हैं? बख्त ने आगे कहा कि एशिया कप 2022 के शेड्यूल में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ मैच शारजाह में था लेकिन इसे बदलकर दुबई कर दिया गया।
एशिया कप 2023 के तीसरे सुपर फोर मैच में भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों से हराकर जबरदस्त जीत हासिल की। मैच में कुलदीप यादव ने पांच विकेट लिए । भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 356 रन बनाए और पाकिस्तान अपनी पारी में 128 रन ही बना सका। इस मैच को जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि केवल मुंह चलाने से मैच नहीं जीता जा सकता और भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानियों को उनके बड़बोलेपन का भी करारा जवाब दिया।












Click it and Unblock the Notifications