Harmanpreet Kaur: एक अदद नौकरी के लिए संघर्ष करने वाली हरमनप्रीत आज है बेहद सफल महिला क्रिकेटर
Harmanpreet Kaur, हरमनप्रीत कौर का दाखिला उनके घरवालों ने ज्ञान ज्योति स्कूल अकादमी में करवाया था। यहीं पर उन्होंने स्कूल में ही कमलदीश सिंह से क्रिकेट की शुरुआती बारीकियां सीखीं।

हरमनप्रीत कौर का जन्म 8 मार्च साल 1989 में पंजाब के मोगा में हुआ था। इनके पिता का नाम हरमंदर सिंह भुल्लर और मां का नाम सतविंदर कौर हैं। इनके पिता भी एक अच्छे वॉलीबॉल और बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे हैं। क्रिकेट जगत में वीरेंद्र सहवाग को अपना आदर्श मानने वाली हरमनप्रीत कौर साल 2018 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर है। हरमनप्रीत फिलहाल भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान भी है।
पुरुषों संग खेला क्रिकेट
हरमनप्रीत कौर का दाखिला उनके घरवालों ने ज्ञान ज्योति स्कूल अकादमी में करवाया था। यहीं पर उन्होंने स्कूल में ही कमलदीश सिंह से क्रिकेट की शुरुआती बारीकियां सीखीं। शुरूआती दिनों में उन्होंने पुरुषों के साथ क्रिकेट खेला क्योंकि उन दिनों तब क्रिकेट को पुरुषों का ही खेल समझा जाता था। हालांकि, हरमनप्रीत ने इस वर्चस्व को सकारात्मक रूप से लिया और अपने खेल को सुधारने पर अधिक ध्यान दिया। हरमनप्रीत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि पुरुषों के साथ खेलने से मुझे अपने छक्के मारने के कौशल को विकसित करने में मदद मिली है।
रेलवे में नौकरी के लिए संघर्ष
पूर्व क्रिकेटर डायना एडुलजी ने एक इंटरव्यू में हरमनप्रीत को लेकर एक चौकाने वाला खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि हरमन का जीवन संघर्ष से ही शुरू हुआ है। आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत कौर को उस वक्त नॉर्दन रेलवे में नौकरी का प्रस्ताव मिला था। लेकिन दिल्ली में अधिकारियों ने हामी नहीं भरी। इसके बाद डायना ने सचिन तेंदुलकर से इस बारे में बात की। तब सचिन ने बतौर क्रिकेटर और एक राज्यसभा का सांसद होने के नाते रेलवे के बड़े अधिकारियों को चिट्ठी लिखी और हरमनप्रीत कौर को वेस्टर्न रेलवे में नौकरी मिल गई।
"आपकी लड़की हरभजन सिंह है क्या"
आपको ये जानकर आश्चर्य होगा कि जिस क्रिकेटर की आज सारी दुनिया में धूम मची हुई है, उसे पंजाब सरकार ने नौकरी तक नहीं दी थी। एक समय था जब हरमनप्रीत पंजाब पुलिस में कांस्टेबल की एक अदद नौकरी के लिए तरसती थी। बेटी का सपना पूरा करने के लिए उनके पिता ने कई बार आला पुलिस अफसरों के आगे गुहार लगाई थी। एक बार तो किसी अधिकारी ने यह कह कर उन्हें निराश कर दिया कि "आपकी बेटी कोई हरभजन सिंह है जो इसे डीएसपी ही बना दें?" गौरतलब है कि बाद में अपने बेहतरीन प्रदर्शन करने के चलते उसी पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरमनप्रीत को पंजाब पुलिस में डीएसपी की नौकरी का ऑफर दिया था।
पाकिस्तान के खिलाफ किया डेब्यू
7 मार्च 2009 को हरमनप्रीत कौर का डेब्यू पाकिस्तान के खिलाफ मैच से हुआ था। हालांकि वहां उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। गेंदबाजी में उन्होंने चार ओवर फेंके और केवल 10 रन दिए थे। इसके बाद 2009 में हरमनप्रीत ने काउंटी ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी महिला विश्व टी-20 में डेब्यू किया था। पहले मैच में उन्होंने 7 गेंदों पर 8 रन बनाए। हरमनप्रीत कौर ने साल 2014 में पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।
बतौर कप्तान भी पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू
हरमनप्रीत कौर ने महिला क्रिकेट टीम के कप्तान के तौर पर भी पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था। दरअसल, 2012 में कप्तान मिताली राज और उप-कप्तान झूलन गोस्वामी दोनों चोट लगने के कारण टीम में शामिल नहीं हो पाई थीं। ऐसे में हरमनप्रीत कौर को महिला टी-20 एशिया कप फाइनल के लिए टीम का कप्तान बनाया गया। उनकी कप्तानी में टीम ने एशिया कप जीतकर भारत की झोली में डाला था।
फोर्ब्स-30 में आ चुका है नाम
हरमन की उपलब्धियों पर बात करें तो उनका नाम फोर्ब्स-30 की अंडर 30 लिस्ट शुमार हो चुका है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फोर्ब्स इंडिया 2014 से अंडर-30 लिस्ट जारी कर रहा है। इस लिस्ट में 2018 में हरमनप्रीत कौर ने भी अपनी जगह बनाई थी। इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर ऑस्ट्रेलिया के बिग बैश लीग में खेलने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर है। उन्हें साल 2020 में अर्जुन पुरस्कार मिला। वे बीसीसीआई की साल 2017 की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर रह चुकी है।
हरमनप्रीत की अन्य उपलब्धियां
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में पहली बार क्रिकेट को शामिल करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में सिल्वर मेडल जीता था। इसके पहले दिसंबर 2017 में उन्हें आईसीसी महिला टी-20 टीम ऑफ द ईयर के रूप में नामित किया गया था। मार्च 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह 100 एकदिवसीय मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली पांचवीं भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। वर्तमान में हरमनप्रीत कौर को वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2023 के पहले संस्करण के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम का कप्तान बनाया है। मुंबई इंडियंस ने 1.8 करोड़ देकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications