Airlines in India: जेट एयरवेज से लेकर किंगफिशर तक 11 एयरलाइंस हो चुकी हैं बंद, अब गो फर्स्ट का नंबर

गो फर्स्ट पहली भारतीय एयरलाइन नहीं है, जिसने व्यावसायिक घाटे के चलते अपने ऑपरेशंस को रद्द किया हो। भारत में ऐसी 11 कंपनियां है जो अपने ऑपरेशंस को बंद कर चुकी हैं।

Go First

भारतीय एयरलाइन कंपनी गो फर्स्ट ने हाल ही में "दोषपूर्ण" प्रैट एंड व्हिटनी इंजन का हवाला देते हुए अपने सभी विमानों की उड़ान रोक दी और दिवालिया करार होने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गो फर्स्ट का मालिक वाडिया समूह है। इस पूरे मामले पर एयरलाइन के सीईओ ने कहा है कि वाडिया समूह एयरलाइन के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी विमानन उद्योग से बाहर निकलने की कोई योजना नहीं है। लेकिन गो फर्स्ट ऐसी पहली एयरलाइन नहीं है, जो संकट में फंसी है। इससे पहले भी अनेक विमानन कंपनियों को अपने ऑपरेशन रोकने पड़े थे। जानते हैं ऐसी ही कुछ एयरलाइंस के बारे में।

मोदीलुफ्त

मोदीलुफ्त दिल्ली में स्थित एक निजी एयरलाइन कंपनी थी, जिसे 1996 में बढ़ते कर्ज के कारण अपने ऑपरेशंस को रोकना पड़ा। मोदीलुफ्त केवल घरेलू मार्गों पर संचालित होती थी। मोदीलुफ्त को अप्रैल 1993 में भारतीय उद्योगपति एस.के. मोदी द्वारा लुफ्थांसा एजी के साथ तकनीकी साझेदारी में लॉन्च किया गया था। धन की कमी और बढ़ते कर्ज के कारण एयरलाइन के स्वामित्व में बदलाव आया और इसका नाम बदलकर रॉयल एयरवेज कर दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद इसका संचालन भी बंद हो गया।

ईस्ट-वेस्ट एयरलाइंस

ईस्ट वेस्ट एयरलाइंस ने साल 1992 में भारत सरकार द्वारा अपनी 'ओपन स्काई पॉलिसी' में सुधार के बाद ऑपरेशन शुरू किया था। वित्तीय कठिनाइयों और विमानों की कमी के कारण ईस्ट वेस्ट एयरलाइंस ने 8 अगस्त 1996 को सभी ऑपरेशन बंद कर दिए। एयरलाइन के सभी विमान लीज पर थे, जिन्हें कंपनी ने उनके मालिकों को सौप दिया। गौरतलब है कि एयरलाइन के संस्थापक थकीउद्दीन वाहिद की नवंबर 1995 में हत्या कर दी गई थी। ऐसे आरोप थे कि इस कंपनी में मुंबई और दुबई के माफिया का धन लगा था।

दमनिया एयरवेज

दमनिया एयरवेज ने 1993 में अपने ऑपरेशंस शुरू किए लेकिन 1997 में इसे अपने ऑपरेशंस रोकने पड़े। यह दमनिया भाइयों, परवेज और विस्पी दमनिया द्वारा स्थापित की गई थी। दमनिया एयरवेज ने मार्च 1993 में दो लीज पर लिये बोइंग 737 विमानों के साथ शुरुआत की थी। लेकिन भारतीय विमानन बाजार में उस समय बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण इसे वित्तीय परेशानियों का सामना करना पड़ा और आखिर 1997 में इसे अपने ऑपरेशन रोकने पड़े।

सहारा एयरलाइंस

सहारा एयरलाइंस की स्थापना 1993 में हुई थी और इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित था। साल 2001 में इसे 'एयर सहारा' के रूप में पुनः ब्रांड किया गया। एयर सहारा अपने ऑपरेशंस के समय लगभग 12 प्रतिशत बाजार को नियंत्रित करती थी। इसकी ज्यादातर उड़ानें देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में होती थी। लेकिन वित्तीय संकट के कारण इसके पास केवल छह विमान बचे और धीरे-धीरे इसे अपने ऑपरेशंस पर रोक लगानी पड़ी। 2007 में, सहारा एयरलाइंस को नरेश गोयल की जेट एयरवेज द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया और इसका नाम बदल कर जेटलाइट रख दिया गया।

इंडियन एयरलाइंस

इंडियन एयरलाइंस, एयर इंडिया लिमिटेड का एक हिस्सा थी। इंडियन एयरलाइंस का विस्तार पूरे भारत और भारत के पड़ोसी देशों, मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया तक था। 2007 में, इंडियन एयरलाइंस को नेशनल एविएशन कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड बनाने के लिए एयर इंडिया के साथ मिला दिया गया था। इंडियन एयरलाइंस के एयर इंडिया में शामिल होने के बाद एयर इंडिया को विरासत में 99 विमानों का फ्लीट मिला था।

एयर डेक्कन

एयर डेक्कन भारत की पहली कम लागत वाली एयरलाइन थी, जिसकी स्थापना कैप्टन गोपीनाथ ने अगस्त 2003 में की थी। कैप्टन ने इस एयरलाइन की शुरुआत छह एटीआर टर्बोप्रॉप के साथ की थी। एयरलाइन ने तेजी से भारत में अपनी साख बनाई और लाखों भारतीयों को सस्ती हवाई यात्रा मुहैया करवाई। हालांकि, 2008 आते-आते एयरलाइन घाटे में चली गई। जिसके बाद गोपीनाथ ने एयर डेक्कन को किंगफिशर द्वारा अधिग्रहित करने के लिए सहमति व्यक्त की। फिर किंगफिशर ने एयर डेक्कन को खरीद लिया और उसे सिंपली डेक्कन के रूप में पुनः ब्रांड किया।

पैरामाउंट एयरवेज

पैरामाउंट एयरवेज चेन्नई में स्थित एक एयरलाइन थी, जिसे 2010 में अपने ऑपरेशंस को रोकना पड़ा। दरअसल, पैरामाउंट एयरवेज और उसे विमान लीज पर देने वाली कंपनी एम्ब्रेयर एयरक्राफ्ट के बीच एक कानूनी मुद्दे के चलते पैरामाउंट को अपना संचालन बंद करना पड़ा। वहीं एम्ब्रेयर एयरक्राफ्ट ने लीज पर दिये सभी विमान वापस ले लिये। हालांकि, नवंबर 2010 में पैरामाउंट एयरवेज ने अपनी कानूनी लड़ाई जीत ली थी और अपनी सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए तैयार थी। लेकिन कंपनी फिर से अपने ऑपरेशन शुरू कर ही नहीं पाई।

किंगफिशर एयरलाइंस

किंगफिशर एयरलाइंस को 2003 में विजय माल्या द्वारा स्थापित किया गया था और 2005 में इसका संचालन शुरू हुआ था। एयरलाइन अपनी स्थापना के बाद से लगातार घाटे में चल रही थी। किंगफिशर एयरलाइंस पर $1.3 बिलियन का कर्ज था और बैंकों ने उसे विमानों के रोजाना संचालन के लिए और कर्ज देने से मना कर दिया था। 20 अक्टूबर 2012 में किंगफिशर एयरलाइंस को अपना ऑपरेशन बंद करना पड़ा। एयरलाइन के संस्थापक विजय माल्या बाद में लेनदारों से बचने के लिए लंदन भाग गए थे।

एयर पेगासस

एयर पेगासस ने 2015 में अपने ऑपरेशंस शुरू किए थे लेकिन वित्तीय कठिनाइयों के कारण जुलाई 2016 में इसे अपने ऑपरेशंस बंद करने पड़े। एयरलाइन ने दावा किया कि ऑपरेशंस को केवल कुछ समय के लिए रोका गया है, लेकिन बाद में पता चला कि एयर पेगासस की वित्तीय समस्याएं अधिक हैं। नवंबर 2016 में एयरलाइन के लाइसेंस को भारतीय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा रद्द कर दिया गया था। 2017 में, एयर पेगासस ने एक अन्य एयरलाइन फ्लाईएज़ी के साथ काम करने का प्रयास किया, लेकिन सौदा हो नहीं पाया।

एयर कोस्टा

एयर कोस्टा एक भारतीय क्षेत्रीय एयरलाइन थी, जिसने अक्टूबर 2013 में दो एम्ब्रेयर ई-170 विमानों के साथ अपना ऑपरेशन शुरू किया था। एयरलाइन ने भारत में टियर II और टियर III शहरों के बीच कनेक्टिविटी पर ध्यान केंद्रित किया। हालांकि, एयरलाइन के पास 2016 तक केवल पांच विमान ही थे। एयर कोस्टा के सभी विमान लीज पर थे और लीज पर देने वाली कंपनी GECAS और एयर कोस्टा के बीच कुछ वित्तीय संबंधों के खराब होने की वजह से एयर कोस्टा को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 28 फरवरी 2017 को, एयर कोस्टा ने अगली सूचना तक संचालन निलंबित कर दिया।

जेट एयरवेज

जेट एयरवेज, भारत की सबसे पुरानी निजी एयरलाइन कंपनियों में से एक थी। जेट एयरवेज को 1993 में नरेश गोयल द्वारा लॉन्च किया गया था। जेट एयरवेज ने लगभग 1000 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 124 छोटे और चौड़े आकार के विमानों का संचालन किया था। वित्तीय कठिनाइयों के कारण जेट एयरवेज को अप्रैल 2019 में अपने ऑपरेशंस थामने पड़े। हालांकि, एयरलाइन फिर से शुरू करने की तैयारी कर रही है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि एयरलाइन किस तारीख से अपने ऑपरेशन शुरू करेगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+