Dubai Global Village: दुनिया भर के पर्यटकों का आकर्षण है दुबई का "ग्लोबल विलेज"
Dubai Global Village: दुनिया में घूमने वाले प्रमुख गंतव्यों में दुबई का ग्लोबल विलेज बेहद खास हो गया है। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर के एक बड़े हिस्से में हर साल कई हफ्तों के लिए एक बड़ा आयोजन होता है, जिसमें दुनिया के कई देशों की संस्कृतियों का मिलन होता है। दुबई की जिस जगह (शेख मोहम्मद बिन जायद रोड) पर यह होता है, उस जगह को ग्लोबल विलेज कहते हैं। दुबई ग्लोबल विलेज का आयोजन इस बार 18 अक्टूबर 2023 से 28 अप्रैल 2024 तक होगा। यह 28वां सीजन है। अब तक 27 सीजन लग चुके हैं।
इसमें कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक गतिविधियां होती हैं। दुनियाभर के पर्यटकों, संस्कृति प्रेमियों और उत्साही लोगों के लिए यह आकर्षण का केंद्र होता है। यहां दुनिया को एक जगह देखने, उसके बारे में जानने और उसको महसूस करने के लिए बहुत कुछ होता है। खूबसूरत इतना होता है कि बार-बार आने का मन करता है।

ग्लोबल विलेज दुबई के सबसे लोकप्रिय शाम के मनोरंजन स्थलों में से एक है। दुबई के किनारों पर आयोजित त्योहार और थीम पार्क का यह संयोजन नवंबर और अप्रैल के बीच हर साल खुलता है। ग्लोबल विलेज में भारतीय मंडप भी सजता है और यह आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र हर साल बनता है।
दुबई का ग्लोबल विलेज इस साल एक सप्ताह पहले ही खुल जायेगा। इस बार यह बहुसांस्कृतिक थीम पार्क 18 अक्टूबर को ही खुल जायेगा। पहले यह 25 अक्टूबर से खुलता था। यानि फैमिली थीम पार्क 194 दिनों के लिए खुला रहेगा और 28 अप्रैल, 2024 को यह सीजन समाप्त होगा। आयोजकों का कहना है कि सीजन 28 को कुछ दिन पहले खोलने का मुख्य मकसद है कि मेहमान लंबे समय तक सांस्कृतिक विविधता, और रोमांचकारी मनोरंजन का आनंद ले सकें।
कब हुई थी शुरुआत
ग्लोबल विलेज की शुरुआत 1997 में हुई थी। तब यहां पर 18 देशों के अलग-अलग मंडप बनाये गये थे। इसमें वहां की संस्कृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। उस समय इसके इतना सफल होने और दुनिया भर में पहचान बनाने की कल्पना नहीं की गई थी। तब वह पर्यटकों को बुलाने के लिए पर्यटन और वाणिज्य व्यापार विभाग की ओर से सरकारी कार्यक्रम की तरह आयोजित किया गया था, लेकिन बाद के वर्षों में यह बेहद लोकप्रिय हुआ और इसका दायरा बढ़ा दिया गया। अब इसमें 90 से भी ज्यादा देशों का मिलन हो रहा है।
भारत से क्या है संबंध
भारत के लिए दुबई ग्लोबल विलेज काफी खास है। दुबई भारत से काफी करीब है और भारत की तमाम कंपनियां अपने स्टाल, पंडाल और किओस्क दुबई ग्लोबल विलेज में लगाती हैं। संयुक्त अरब अमीरात से भारत के अच्छे रिश्ते हैं। इस नाते भी व्यापारिक गतिविधियां काफी अधिक होती हैं। विलेज के भारतीय पंडाल में भारत की सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को देखने के लिए दुनिया भर के पर्यटक लाखों की संख्या में पहुंचते हैं।
क्या-क्या खास रहेगा
दुबई ग्लोबल विलेज में आने वाले लोगों को दुनिया की 200 से ज्यादा वेरायटी के फूड आयटम्स के अलावा बेहतरीन भोजन के लाजवाब स्वाद मिलेंगे। पूर्व और पश्चिम की संस्कृतियों का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इसके अलावा कला जगत की मशहूर हस्तियां अपने कार्यक्रम पेश करेंगी। पिछले कार्यक्रमों में भारत के शाहरुख खान, नेहा कक्कड़, सोनू निगम, श्रेया घोषाल, मीका सिंह, गुरु रंधावा जैसे कलाकार अपने कार्यक्रम पेश कर चुके हैं।
सभी देशों के मंडपों की सजावट वहां की सांस्कृतिक विरासत को दिखाने वाली होती है। इसमें अनूठी थीम के साथ रोमांचक अनुभव मिलता है। स्टेज शो, संगीत, कठपुतली और रोड शो भी होंगे। इस बार दुबई ग्लोबल विलेज को रॉयल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ एक्सीडेंट्स (RoSPA) से अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली है। यह मान्यता बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रबंधन की दिशा में उठाए गये कदमों के लिए मिली है। दुबई ग्लोबल विलेज को यह पुरस्कार लगातार दूसरी बार मिला है।
वीआईपी पास वाले कार्ड पर विशेष सुविधाएं
2016 में एक स्थायी ग्लोबल विलेज थीम पार्क शुरू किया गया था। इस फैमिली थीम मनोरंजन पार्क के पिछले सीजन में 90 लाख से ज्यादा लोग वहां गये थे। यहां आने वाले जो लोग वीआईपी पास को खरीदेंगे, उनको एक अलग कार्ड मिलेगा। उनको लेने के लिए एक दरबान आएगा, उनके लिए अलग प्रवेश द्वार होगा। गाड़ी की पार्किंग, अंदर जाने के लिए ईजी टैक्सी समेत कई तरह की अलग सहूलियत मुहैया कराई जाएगी। बिना कतार में लगे तमाम कार्यक्रमों में आसान पहुंच कराई जाएगी।
दो घंटे में ही बिक गये वीआईपी पास वाले कार्ड
पिछले सप्ताह जब टिकट की बिक्री शुरू हुई तो हजारों दिरहम (एक दिरहम भारत के 22 रुपये 60 पैसे के बराबर होता है) मूल्य के दुबई के ग्लोबल विलेज वीआईपी कार्ड दो घंटे से भी कम समय में बिक गए। कई तरह के वीआईपी कार्डों में से एक 28,000 दिरहम का था। उसमें एक 'गोल्डन चेक' रखा गया था। ये सभी पास वर्जिन मेगास्टोर टिकट वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध थे। फैमिली पास सुबह 10 बजे बिक्री के लिए गए और 11.21 बजे खत्म हो गए। डायमंड वीआईपी पास 7,000 दिरहम, प्लेटिनम पास 2,950 दिरहम, गोल्ड पास 2,250 दिरहम और सिल्वर पास का मूल्य 1,750 दिरहम रखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications