गर्मी में हिल स्टेशन का बना रहे हैं प्लान, तो पहुंच जाइए पटनीटॉप, करें शानदार नजारा
श्रीनगर, 5 मई। देश के मैदानी इलाकों में गर्मी अपना कहर बरपा रही है। ऐसे में इस गर्मी से राहत पाने का एक ही विकल्प नजर आता है और वे पहाड़ों का रुख करते हैं। अगर आप भी गर्मी को मात देने के लिए पहाड़ों पर जाने का विचार बना रहे हैं तो जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में स्थित पटनीटॉप हिल स्टेशन शानदार जगह है।
जम्मू-श्रीनगर मार्ग पर पड़ने वाला पटनीटॉप एक खूबसूरत हिल स्टेशन है जो 2024 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। घने जंगलों से घिरे पटनीटॉप में खूबसूरत पिकनिक स्पॉट, सैर के लिए बढ़िया शांत माहौल के साथ ही चिनाब बेसिन के पहाड़ों का शानदार नजारा देखने को मिलता है। अगर आप पटनीटॉप जा रहे हैं तो वहां इन जगहों को जरूर देखें।

आसमान से पटनीटॉप
पटनीटॉप में जाएं तो यहां रोपवे की सैर करना न भूलें जो आपको आसमान से पटनीटॉप का शानदार नजारा दिखाता है। यह भारत का सबसे ऊंचा रोपवे है। साथ ही भारत और फ्रांस के सहयोग से विकसित होने वाला महत्वपूर्ण पहाड़ी आधारभूत ढांचा है। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत बनाया यह रोपवे 2.4 साल के रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है। इसे जुलाई 2020 में शुरू किया गया था। इसके चलते संगेट से पटनीटॉप की दूरी महज 15 मिनट में पूरी हो जाती है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी टनल
पटनीटॉप में बर्फबारी और भूस्खलन के चलते हर बार सर्दियों में जम्मू-कश्मीर श्रीनगर मार्ग बाधित हो जाता है जिसके चलते गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती थीं। अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग मार्ग बन जाने के बाद यह समस्या कम हो गई है। 9 किलोमीटर लंबी यह सुरंग अपनी तरह की देश की सबसे लंबी सुरंग है। यह ऊधमपुर और रामबन को जोड़ती है।

सनासर झील
इस झील का नाम दो स्थानीय झीलों सना और सार के नाम पर पड़ा है। यह पटनीटॉप से 20 किलोमीटर दक्षिण में रामबन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1 पर पड़ती है। यह क्षेत्र अपने शानदार नजारे और पहाड़ी रेंज के लिए मशहूर है।

नथाटॉप
नाथटॉप के पटनीटॉप का एक मशहूर पैराग्लाइडिंग स्पॉट है। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां पहुंचते हैं और यहां के प्राकृतिक खूबसूरती का लुत्फ उठाते हैं। यहां पर कई सारे पैराग्लाइडिंग वाले आपको मिलेंगे जिनके साथ आप एडवेंचर कर सकते हैं।

सुध महादेव मंदिर और मनतलाई मंदिर
सुध महादेव मंदिर एक अत्यंत पूजनीय शिव मंदिर है जो पटनीटॉप से 42 किलोमीटर और जम्मू से 112 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। मंदिर में स्थानीय शिव और पार्वती की एक काले संगमरमर की मूर्ति भी है। यहां भगवान शिव का एक त्रिशूल भी संरक्षित है। सुध महादेव से कुछ किलोमीटर आगे मनतलाई हरे-भरे देवदार के जंगलों से घिरा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications