Atique Ahmed Family: अतीक की पत्नी, बेटे, भाई, बहन सभी क्रिमिनल, जानें इस कुनबे के अपराध
माफिया, गैंग लीडर और हिस्ट्रीशीटर रहे अतीक अहमद और उसके पूरे परिवार का आपराधिक रिकॉर्ड जान आप दंग रह जाएंगे। अतीक के परिवार के कई लोगों पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं।

उत्तर प्रदेश के माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल की देर शाम प्रयागराज में मेडिकल कॉलेज के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। बता दें कि इससे पहले 15 अप्रैल को ही उसके तीसरे बेटे असद अहमद और उसके सहयोगी शूटर गुलाम के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। दरअसल, 13 अप्रैल को असद और उसके सहयोगी गुलाम को यूपी एसटीएफ ने झांसी में एक मुठभेड़ में मार गिराया था। प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या के बाद से ही अतीक अहमद का पूरा परिवार सुर्खियों में बना हुआ है। जिसकी गूंज पिछले महीने यूपी विधानसभा में भी सुनाई दी थी, जब सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच बहस हो गई थी।
पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक के भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा को भी उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी बनाया है। वहीं अतीक की बहन आयशा नूरी और भांजी उनजिला नूरी पर भी पुलिस आरोपियों को पनाह देने के मामले में केस दर्ज कर चुकी है। इस तरह से अतीक के परिवार के करीब 9 लोग अब कानूनी शिकंजे में हैं। इनमें अब अतीक अहमद, अशरफ अहमद और असद मारे जा चुके हैं। आइये, विस्तार से जानते हैं कि माफिया अतीक अहमद के परिवार में किन-किन पर क्या आपराधिक मामले चल रहे हैं।
अतीक अहमद
अतीक के गुनाहों की लिस्ट बहुत लंबी है। वह गुंडा, हत्यारा, माफिया, गैंग लीडर, हिस्ट्रीशीटर के साथ-साथ आतंक का दूसरा नाम भी था। इन सबके बावजूद पांच बार विधायक और एक बार फूलपुर सीट से सांसद भी रह चुका था। जहां से कभी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू लोकसभा का चुनाव लड़ते थे। अतीक के खिलाफ सौ से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। साथ ही उस पर 3 बार गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका था। उसने सबसे पहले साल 1979 में पहला कांड किया था। तब से अब तक वह सैकड़ों मामलों में नामजद था।
उससे जुड़े करीब 54 आपराधिक मामलें यूपी के अलग-अलग थानों में दर्ज थे। अतीक पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी और धमकी देने जैसे कई गंभीर आरोप में केस दर्ज थे। वहीं बीते महीने 28 मार्च को प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अतीक अहमद को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
खालिद अजीम उर्फ अशरफ
अतीक के बाद उसके 'आतंक के कारोबार' का सबसे बड़ा सहयोगी उसका छोटा भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ था। जिसकी 15 अप्रैल को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अशरफ पर तकरीबन 52 केस दर्ज थे। इसमें अपहरण, रंगदारी, हत्या, हत्या की कोशिश, हत्या के लिए साजिशकर्ता, धमकाना जैसे आपराधिक मामले दर्ज हैं। अशरफ को भी हाल में उमेश पाल हत्याकांड में साजिश रचने के मामले में पुलिस ने आरोपी बनाया था।
उमर अहमद
अतीक का सबसे बड़े बेटे उमर पर भी 2 केस दर्ज हैं। इनमें एक कारोबारी मोहित जायसवाल का अपहरण का मामला है। जिसकी जांच सीबीआई कर रही है। उमर पर भी अनेक धाराओं के तहत आरोप लगाए गये हैं। उमर फिलहाल सीबीआई की गिरफ्त में है। 2 लाख के इनामी रहे उमर ने अगस्त 2022 में खुद को पुलिस के सामने सरेंडर किया था।
अली अहमद
अतीक अहमद के दूसरे नंबर के बेटे मोहम्मद अली पर 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अली पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी रखा था। वैसे जुलाई 2022 में उसने खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद से अली जेल में बंद है। अली पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और मारपीट करने जैसे आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक अतीक और अशरफ के जेल में होने की वजह से रंगदारी का काम अली ही करता था। अली लोगों को फोन पर पिता से बात कराता था और रंगदारी नहीं देने पर हत्या की धमकी देता था।
शाइस्ता परवीन
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता को यूपी पुलिस ने हाल ही उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी बनाया है। शाइस्ता पर 4 अपराधिक मामले दर्ज हैं। शाइस्ता पर आरोप है कि उसने उमेश पाल की हत्या से पहले शूटर्स से बातचीत की। फिलहाल शाइस्ता फरार चल रही है। शाइस्ता पर यूपी पुलिस ने इनाम भी रखा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अतीक के जेल जाने के बाद शाइस्ता ही अपराध का कारोबार संभाल रही थी।
असद अहमद
अतीक का तीसरा बेटा असद अहमद था। जिसे यूपी पुलिस ने झांसी के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया। असद उमेश पाल हत्या का आरोपी था और पिछले एक महीने से फरार चल रहा था। असद को पकड़ने के लिए यूपी पुलिस ने इनाम भी रखा था।
आयशा नूरी
आयशा नूरी, अतीक अहमद की बहन है। जो मेरठ में अपने परिवार के साथ रहती है। आयशा पर हाल ही में केस दर्ज किया गया है। आयशा और उनकी बेटी उनाजिला पर आरोप है कि उन्होंने उमेश पाल हत्याकांड के शूटरों को पनाह दी थी और आर्थिक मदद भी की थी। पुलिस इस मामले में आयशा के पति अखलाक को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
जैनब फातिमा
अतीक अहमद के छोटे भाई अशरफ की पत्नी जैनब अतीक परिवार के 8वें नंबर की सदस्य हैं, जिसे उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने जैनब पर साजिश रचने और सच छिपाने का आरोप लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications