चेहरे को बिगाड़ने वाले पोर्स से पाएं छुटकारा, घर पर करें ये 5 उपाय
भाग-दौड़ भरे दिन के बीच हमारी त्वचा हमेशा धूल, वायरस जैसी तमाम चीजों से दो चार होती ही रहती है। ऐसे में इसे कई बार उचित ख्याल न मिले तो इस पर असर भी पड़ता है। इनमें चेहरे पर छोटे-छोटे छिद्रों को हो जाना, जिन्हें पोर्स कहते हैं, आम परेशानी है। अगर ये छिद्र बड़े हो जाते हैं तो चेहरे की खूबसूरती में दाग लगाते हैं। अगर आप अपने चेहरे पर इन छिद्रों से ग्रस्त हैं तो इन घरेलू नुस्खों की मदद से इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

खीरा और नींबू
ताजा खीरा चेहरे पर बढ़े हुए छिद्रों को दूर करने का सबसे अच्छा तरीका है क्योंकि सब्जी में उच्च सिलिका सामग्री न केवल आपकी त्वचा को लंबे समय तक जवान रखती है बल्कि बड़े त्वचा पर बन गए छिद्रों को भरने में भी मदद करती है। बेहतर परिणाम के लिए इसमें नींबू मिलाने की कोशिश करें क्योंकि नींबू में मौजूद कसैलापन खूबसूरती को कम करने वाले इन छिद्रों को कम कर देगा।
आपको बस इतना करना है इसका पैक बनाने के लिए एक चम्मच नींबू के रस के साथ खीरे के रस के दो बड़े चम्मच मिलाएं। इस रस को कॉटन की मदद से अपने चेहरे पर लगाते रहें। इसके बाद रस को सूखने दें और थोड़ी देर बाद ठंडे पानी से अपना चेहरा धो लें।

केले के छिलके
केला खाना तो लगभग हम सबको ही पसंद है लेकिन क्या आपने कभी इसके छिलके के फायदों के बारे में सोचा है? जी हां, हैरान होने की बात तो है लेकिन केले का छिलका भी बड़े काम की चीज है। केले के छिलके में ल्यूटिन होता है, जो एक एंटीऑक्सीडेंट है। यह त्वचा को पोषण देता है। इसके अलावा केले के छिलके में पोटेशियम होता है जो एक बेदाग त्वचा को बढ़ावा देता है। बस एक केले के छिलके को उठाएं और इसे अपने चेहरे पर एक गोलाकार गति में रगड़ें। पंद्रह मिनट के लिए रगड़ना जारी रखें और फिर ठंडे पानी से अपना चेहरा धो लें। इस उपाय को हफ्ते में दो बार करने से आपके बड़े पोर्स काफी हद तक सिकुड़ जाएंगे।
मुल्तानी मिट्टी
मुल्तानी मिट्टी न केवल पिंपल्स को कम करती है बल्कि छिद्रों को कम करने में भी सहायक है क्योंकि यह खुले पोर्स से तेल और गंदगी को अवशोषित कर लेती है। साथ ही यह त्वचा पर मौजूद डेड सेल्स कोशिकाओं को अलग करने में मदद करती है। हफ्ते में एक बार इसका इस्तेमाल आपके त्वचा पर बने छिद्रों को भरने में मदद कर सकता है। इसके लिए मुल्तानी मिट्टी के दो बड़े चम्मच लेकर इसमें थोड़ा सा पानी मिला लें। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। एक बार जब यह सूख जाए तो अपने चेहरे को ठंडे पानी से धो लें।

हल्दी में गुण बड़े
हमने हल्दी के एंटीऑक्सीडेंट गुणों के बारे में तो खूब सुना है लेकिन यह आपकी त्वचा पर पोर्स को भी कम करने में काफी मददगार है। चूंकि हल्दी त्वचा की सूजन को कम करती है। यह छिद्रों के अंदर बढ़ने वाले बैक्टीरिया को मार देती है और छिद्रों के आस-पास की सूजन को कम करती है। एक चम्मच हल्दी पाउडर लें और इसका पतला पेस्ट बनाने के लिए इसमें पानी की कुछ बूंदें मिलाएं। अब तैयार पेस्ट को अपनी त्वचा पर लगाकर इसे दस मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद ठंडे पानी से धो लें।
जई और दूध
जई जिसका इस्तेमाल दलिया में करते हैं न सिर्फ सबसे अच्छा नाश्ता है बल्कि डेड स्किन हटाने के लिए बहुत काम की चीज है। जई का उपयोग त्वचा के छिद्रों पर जमने वाली गंदगी और तेल को हटाने के लिए भी किया जा सकता है। ये गंदगी छिद्रों को बंद कर देती है जो उनके बढ़ने की वजह बनता है। बढ़े हुए पोर्स को कम करने के लिए दो बड़े चम्मच जई को एक चम्मच दूध के साथ मिलाएं। इस मिश्रण को अपनी त्वचा पर लगाएं और सूखने दें। एक बार जब यह सूखना शुरू हो जाए तो कुछ मिनटों के लिए अपने चेहरे को रगड़ना शुरू करें। इसके बाद बचे हुए पैक को ठंडे पानी से धो लें।












Click it and Unblock the Notifications