Sonam Yadav: कौन है 15 वर्ष की सोनम यादव जो बनेगी विमेंस प्रीमियर लीग खेलने वाली सबसे युवा खिलाड़ी?
विमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी सोनम यादव जिनकी उम्र महज 15 वर्ष है। मुंबई इंडियंस ने सोनम को ₹10 लाख में खरीदा। आइए जानते हैं सोनम यादव और उनके स्ट्रगल के बारे में।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के समान विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) भी बहुत जल्द शुरू होने वाला है जिसके लिए महिला खिलाडियों का ऑक्शन 13 फरवरी को हुआ। लीग की ऑक्शन में कुल 87 खिलाड़ी नीलाम हुई और सबसे ज्यादा महंगी बिकने वाली महिला खिलाड़ी बनी स्मृति मंधाना, जिन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ₹3.40 करोड़ में खरीदा है।
कौन है सोनम यादव?
सोनम यादव 15 वर्षीय भारतीय महिला क्रिकेटर है जो एक मध्यम वर्गीय परिवार से आती है। सोनम के पिता, मुकेश यादव एक कांच फैक्ट्री में मजदूर हैं। सोनम का जन्म उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में 18 जुलाई 2007 को हुआ था और सोनम उनके छह भाई बहनों में सबसे छोटी है। सोनम ने 10 वर्ष की आयु से ही क्रिकेट में खुद को झोंक दिया था और सोनम का क्रिकेट में इंटरेस्ट देखते हुए उनके भाई ने उनको फिरोजाबाद क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलवा दिया था और वहां पर सोनम ने उनके कोच रवि यादव और विकास पालीवाल के मार्गदर्शन में अपनी ट्रेनिंग शुरू की। सोनम के क्रिकेट एकेडमी जॉइन करने के बाद उनके प्रदर्शन में बहुत सुधार आया और उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अनुभवी खिलाड़ियों के छक्के छुड़ा दिए।
सोनम का स्ट्रगल
सोनम की बचपन से ही क्रिकेट में रुचि थी जबकि उनके इलाके में लड़कियां बहुत कम क्रिकेट खेलती थी जिसके कारण सोनम को लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना पड़ता था। हालांकि सोनम जब क्रिकेट खेलती थी तब भी उन्होंने लड़कों के आंसू निकलवा दिए। सोनम के भाई ने मीडिया को यह भी बताया कि जब वह एकेडमी जॉइन करने से पहले मैदान में मैच खेलती थी तब कई लोग लड़की होकर क्रिकेट खेलने के लिए सोनम को ताने मारते थे और कमेंट पास करते थे। सोनम के कोच ने बताया कि क्रिकेट एकेडमी में भी महिला क्रिकेटर नहीं थी जिसके कारण सोनम पुरुष खिलाड़ियों के साथ अपनी ट्रेनिंग लेती थी।
किस-किस ने क्या कहा?
सोनम ने जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप जितवाने में योगदान दिया तब सोनम की मां गुड्डी देवी के अनुसार, "मेरी बेटी जहां है वहां तक पहुंचने के लिए उसने बहुत मेहनत की है। उसकी मेहनत रंग लाई है। मुझे बहुत खुशी है कि मेरी बेटी ने देश को गौरवान्वित किया।" भारतीय महिला क्रिकेट टीम जब अंडर-19 वर्ल्ड कप जीती तब सोनम की बहन स्नेह लता ने बताया कि "हमारे घर की बिजली का मीटर जल गया था और कई महीने तक किसी ने उसे ठीक करने की जहमत नहीं उठाई, लेकिन सोनम के लौटने से पहले स्थानीय बिजली विभाग की एक टीम ने तुरंत बिजली कनेक्शन बहाल कर हमें चौंका दिया।" सोनम के पिता ने उनके और उनके बेटे के फैक्ट्री में डबल शिफ्ट में काम करने की बात पर भी जोर दिया और बताया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल मैच देखने के लिए उन्होंने टीवी किराए पर ली थी। सोनम के भाई ने बताया कि उन्होंने सोनम के क्रिकेट के सपने को पूरा करने के लिए अपने क्रिकेट के सपने को दरकिनार कर दिया और सोनम पर पूरा ध्यान दिया। सोनम के कोच रवि यादव ने बताया कि सोनम आज जिस मुकाम पर है वह उसे डिजर्व करती है और सोनम ने अपने शुरुआती दिनों में अत्यधिक मेहनत की है जिसका फल आज सोनम को मिल रहा है।
सोनम का सफर
सोनम यादव ने 9 वर्ष की आयु में ही यह सपना देख लिया था कि उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलना है। सोनम जब उनके भाई के साथ गली में क्रिकेट खेलती थी तब उनके भाई ने उनका क्रिकेट में इंटरेस्ट देखा और फिर उन्होंने सोनम को क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया था, हालांकि शुरुआत में सोनम का परिवार उनके क्रिकेट खेलने के समर्थन में नहीं था लेकिन उस समय पर सोनम के इकलौते भाई ने उन्हें सपोर्ट किया था। सोनम यादव महज 11 वर्ष की थी जब उन्होंने उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम के लिए मैच खेला था। सोनम के कोच रवि यादव ने बताया कि जब सोनम शुरुआत में क्रिकेट एकेडमी में आई थी तब वह बैट्समैन के रूप में खेलती थी लेकिन वो सफल बैट्समैन नहीं बन पाई जिसके बाद उन्होंने बॉलिंग में अपना हाथ अपनाया। सोनम के पिता ने बताया कि एक दिन जब सोनम उनके मोहल्ले के ग्राउंड में खेल रही थी तब रवि यादव ने सोनम को गेंदबाजी करते हुए देखा और सोनम को क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाने की बात कही। सोनम यादव ने क्रिकेट एकेडमी में दाखिला लेने के बाद पीछे मुड़कर कभी नहीं देखा और धीरे-धीरे अपना मुकाम हासिल करती रही।
अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप में सोनम का प्रदर्शन!
सोनम अंडर 19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक ऑलराउंडर के तौर पर खेलती है। पिछले महीने आयोजित हुए अंडर-19 टी20 महिला वर्ल्ड कप में सोनम ने भारतीय टीम की तरफ से छह मैच खेले जिसमें सोनम ने कुल 5 विकेट निकाले। सोनम ने फाइनल मैच में बहुत ही जबरदस्त प्रदर्शन किया और उन्होंने 7 गेंदों में 3 रन देकर एक विकेट भी निकाला था। सोनम के फाइनल मैच में प्रदर्शन से उनके परिजन और उनके पड़ोसियों के साथ-साथ पूरा देश बहुत ही उत्साहित दिखा और सोनम के पड़ोसियों ने तो सोनम के घर के बाहर पटाखे भी फोड़े। सोनम ने अंडर 19 टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक विकेट, स्कॉटलैंड के खिलाफ दो विकेट, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक विकेट और फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ तीन रन देकर एक विकेट निकाला।












Click it and Unblock the Notifications