Farrukhabad news: 15 फीट ऊंची दीवार भरभरा कर गिरी, पलभर में खत्म हो गई दो ज़िंदगियां, दो घंटे चला रेस्क्यू
Farrukhabad news: फ़र्रुख़ाबाद के मोहल्ला अंडियाना में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां नींव की खुदाई के दौरान अचानक पास की निर्माणाधीन दीवार गिर पड़ी। हादसे में दो राजमिस्त्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ, जिसमें दो मजदूरों के शव मलबे से निकाले गए।

घटनास्थल पर पहुंची रेस्क्यू टीम को आशंका थी कि और लोग भी मलबे में दबे हो सकते हैं, इसलिए ऑपरेशन दो घंटे से ज़्यादा चला। काफी समय तक रेस्क्यू के बाद राहत की बात रही कि और कोई मजदूर मलबे में नहीं मिला।
अचानक ढही दीवार
यह हादसा उस वक्त हुआ जब मज़दूर पिलर लगाने के लिए नापजोख कर रहे थे। सोमवार दोपहर बाद करीब 3:30 बजे पड़ोस में बने मकान की 15 फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई।
दीवार के नीचे अंडियाना निवासी 50 वर्षीय राजमिस्त्री इशरत और बढ़पुर निवासी रंजीत जाटव दब गए। उनके साथ काम कर रहे दो अन्य मजदूर मौके से भाग निकले और बाल-बाल बचे।
समय से शुरू हुआ रेस्क्यू
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नगर पालिका से जेसीबी मशीन मंगवाकर मलबा हटाने का काम शुरू कराया। कुछ ही देर में दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया।
उन्हें तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान लोगों ने बताया कि और मजदूर भी मलबे में दबे हो सकते हैं, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
शाम साढ़े पांच बजे तक चला ऑपरेशन सफल रहा, क्योंकि कोई और मजदूर मलबे में नहीं मिला। मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर डटे रहे।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, एसपी आलोक प्रियदर्शी, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच जारी है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक राजमिस्त्री इशरत और रंजीत अपने परिवार के कमाने वाले थे। अचानक हुए इस हादसे ने उनके परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications