अयोध्या में रामलला के दर्शन करने आएंगे शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, क्या बोले रामविलास वेदांती?
अयोध्या। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे को लेकर राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी अपने सभी नवनिर्वाचित सांसदों को लेकर अयोध्या आना चाहिए और उन लोगों को भी रामलला का दर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन लोगों का सौभाग्य होगा कि वे अयोध्या पहुंचकर रामलला का दर्शन करेंगे।

पीएम मोदी इस कार्यकाल में पूरे करेंगे अधूरे संकल्प
राम मंदिर मामले पर वेदांती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प अपने पहले कार्यकाल में नहीं पूरा कर पाए वह दूसरे कार्यकाल में पूरा करेंगे। राम मंदिर निर्माण, धारा 370, धारा 35A जैसे काम पूरे करेंगे। इससे पहले वेदांती ने दावा किया था कि केंद्र सरकार 2020 में राज्यसभा में बहुमत मिलने के बाद पहले चरण में कश्मीर से धारा 370 खत्म करेगी दूसरे चरण में धारा 35a समाप्त करेगी और तीसरे चरण में गैर विवादित जमीन राम जन्मभूमि न्यास को वापस करेगी।
राम मंदिर निर्माण को लेकर किया था ये दावा
उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में पहले ही जमीन वापस करने संबंधी याचिका दायर कर रखी है। वेदांती ने दावा किया कि जमीन मिलने के बाद चौथे चरण में 2024 में केंद्र सरकार राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया पर काम करना शुरू करेगी। बता दें, 15 जून को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे अपने नवनिर्वाचित सभी 18 सांसदों को लेकर अयोध्या पहुंच रहे हैं, जहां वे रामलला का दर्शन करेंगे। दर्शन के बाद महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह में भी शरीक हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications