Ram Mandir: एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक राम धुन पर थिरकते नजर आए 2500 कलाकार, देखें Video
Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सोमवार को पूरे दिन रामनगरी में रामधुन की गूंज सुनाई देती रही। सायरन बजाती वीवीआईपी गाड़ियों की आवाज भी राम धुन के आगे धीमी हो रही थी।
यूपी के अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों के लिए अयोध्या के वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक करीब 100 जगहों पर मंच बनाए गए थे। मंच पर कलाकार लोक कलाओं का प्रदर्शन करते नजर आए।

कुछ लोग धोबी नृत्य करते रहे और कुछ लोग ढोल नृत्य करते रहे। कुछ स्थानों पर नाटक और गीत भी गाए गए। एयरपोर्ट से धाम तक बने हर मंच पर अलग-अलग कार्यक्रम देखने को मिल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानों हम अयोध्या नहीं स्वर्ग में आये हों।
यह पूरा कार्यक्रम उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा कराया गया था। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नृत्य संगीत के साथ ही विभिन्न विधाओं की प्रस्तुति देने के लिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से कलाकारों को बुलाया गया था।
कलाकारों द्वारा अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए इन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। अधिकारियों ने यह अभी बताया कि एयरपोर्ट से अयोध्या धाम तक 100 से अधिक मंच बनाए गए थे।
इन मंच पर 2500 से ज्यादा लोक कलाकारों द्वारा सोमवार को प्रस्तुति दी गई। कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दिए जाते समय वहां से गुजरने वाले राम भक्त अपने मोबाइल में उनकी वीडियो बनाते नजर आए। हर मंच के पास राम भक्तों की भीड़ देखने को मिली।












Click it and Unblock the Notifications