Milkipur Counting: इतने बजे शुरू होगी मतगणना, यूपी के सियासी रण में कौन बनेगा विजेता, किसकी राह होगी मुश्किल?
Milkipur By Poll counting: मिल्कीपुर उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज में 14 टेबलों पर मतों की गिनती की व्यवस्था की गई है। 76 मतगणना कर्मियों को अंतिम प्रशिक्षण दे दिया गया है।
पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए हर टेबल पर आरओ, एआरओ और माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। जीआईसी परिसर में बैरिकेडिंग लगाई गई है और केवल पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा।

पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव फुटेज बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। इसके अलावा, प्रशासन, पुलिस, मेडिकल सुविधा और मीडिया कर्मियों के बैठने के लिए भी अलग पंडाल बनाए गए हैं।
मतगणना प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल जारी
मुख्य विकास अधिकारी और मतगणना कार्मिक प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि कुल 14 टेबलों पर वोटों की गिनती होगी। इसके अतिरिक्त, आरओ, एआरओ के लिए दो और रिजर्व के लिए तीन टेबलें रखी गई हैं।
प्रत्येक टेबल पर चार कार्मिक तैनात रहेंगे, जिनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती का कार्य शुरू होगा और चक्रवार परिणाम घोषित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के साथ तैयार हुए मतगणना कर्मी
शुक्रवार को विकास भवन सभागार में 11 बजे से दोपहर एक बजे तक 19 टीमों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक टीम में चार सदस्य शामिल थे, यानी कुल 76 मतगणना कर्मियों ने इसमें भाग लिया। इसके अलावा, एक पोस्टल बैलेट गणना टीम और एक ईपीपीबीएस टीम भी प्रशिक्षण का हिस्सा रही।
शुक्रवार शाम को जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह और एसएसपी राजकरण नय्यर ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना टेबलों की स्थिति और पूरे परिसर में किए गए इंतजामों को अंतिम रूप से परखा।
दिल्ली चुनाव जैसा रोमांच
मिल्कीपुर उपचुनाव के परिणाम को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्सुकता है यहां दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि 8 फरवरी को ही दिल्ली चुनाव के नतीजे भी आने हैं, लेकिन मिल्कीपुर के परिणामों को लेकर भी लोगों की रुचि किसी बड़े चुनाव से कम नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications