Ayodhya Ground Report: सरयू तट पर दीप जलाकर छात्राओं ने जताई खुशी, कहा- जीवन धन्य हो गया
Ayodhya Ground Report: अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद सरयू तट पर एक लाख से अधिक दीप जलाए गए। इस दीप को स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा जलाया गया। प्राण प्रतिष्ठा के पहले ही स्कूली बच्चे वहां पहुंच गए थे।
सरयू नदी के तट पर एक लाख दीपक सजाने और दीपकों से श्री राम का नाम लिखने में उन्हें काफी समय लगा। हालांकि शाम पांच बजे के बाद जब दीपक जले तो सरयू तट जगमगा उठा।

अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के कवरेज में पहुंचे वन इंडिया रिपोर्टर प्रवीण कुमार यादव ने सरयू नदी के तट पर दीप जला रहे और घाटों को सजा रहे स्कूल की छात्राओं और प्रबंधक से बात की।
छात्रा ममता तिवारी ने बताया कि 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी...' यह गाना काफी वायरल है। लेकिन यह हमारा सौभाग्य है कि हम सरयू तट पर पहुंच कर इस ऐतिहासिक पल के दौरान सरयू नदी के घाट पर दीपोत्सव मना रहे हैं।
ममता ने यह भी कहा कि यह कार्य करने से मेरा जीवन धन्य हो गया। इसी तरह कक्षा 10 की छात्रा आयुषी त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में जन्म लेना हमारा सौभाग्य है। आयुषी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि आगे अयोध्या के लिए बहुत कुछ किया जाए।
इसी तरह कक्षा 8 की छात्र अदिति त्रिपाठी ने भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। अदिति ने कहा कि जब उन्हें उनके स्कूल के अध्यापकों के माध्यम से पता चला कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन सरयू घाट पर दीपक जलाना है तो उन्हें बहुत खुशी मिली।
वहीं जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीर विक्रमादित्य सिंह द्वारा बताया गया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सहयोग से यह कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दीपक जलाने के लिए जिले के चार स्कूलों के छात्र-छात्राओं को लगाया गया है। प्रधानाचार्य मैं यह भी कहा कि दीपक जलाने के लिए उनके स्कूल के बच्चों का भी चयन किया गया जिसके लिए उन्हें काफी खुशी है।












Click it and Unblock the Notifications