इटावा लायन सफारी में कोरोनो संक्रमित मिली एक शेरनी, मचा हड़कंप
इटावा, मई 07: कोरोना वायरस का संक्रमण अब जानवरों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। हैदराबाद में चिड़ियाघर में शेरों में संक्रमण मिलने के बाद यूपी के इटावा में लायन सफारी में एक शेरनी में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद लायन सफारी में हड़कंप मच गया है। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. केपी सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि इटावा लायन सफारी से शेर-शेरनियों के सैंपल आए थे। इनमें से एक सैंपल पाजिटिव आया है। वहीं, एक संदिग्ध है। बाकी की रिपोर्ट निगेटिव है। बता दें, सफारी में दो शेरनियों के बीमार होने के बाद 8 शेरों सहित सभी के सैंपल जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) बरेली भेज गए थे।

दोनों शेरनियां का चल रहा इलाज
इटावा लायन सफारी में शेरनी जेनिफर व गौरी के बीमार होने पर दोनों को सफारी पार्क के पशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज किया जा रहा है। सफारी में अलर्ट के साथ-साथ सुरक्षा के सभी इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं। जानवरों के पास जाने वाले सभी कर्मचारियों को पीपीई किट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ-साथ सभी कर्मचारियों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट कराई जा रही है। इटावा सफारी पार्क के शेरों की कोरोना जांच के लिए आठ सैंपल भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट अभी तक सफारी प्रशासन को प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, बरेली से एक शेरनी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है।
हैदराबाद जू में आठ शेर कोरोना पॉजिटिव
बता दें, हैदराबाद के जू में 8 शेर कोरोना पॉजिटिव मिले थे, इसके बाद इटावा लायन सफारी से 14 शेर-शेरनियों के 16 सैंपल आइवीआरआई में जांच के लिए भेजे थे। आइवीआरआई की बीएसएल-3 लैब में गुरुवार को हुई आरटी-पीसीआर जांच में एक शेरनी जेनिफर कोरोना संक्रमित मिली है। वहीं, दूसरी बीमार शेरनी गौर का भी सैंपल संदिग्ध है। इसकी रिपोर्ट इटावा लायन सफारी के साथ शासन को भेज दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications