यूपी: कमल संदेश पद यात्रा में भाजपा के दो गुटों के बीच बवाल, गोलीबारी में कार्यकर्ता घायल, वीडियो
इटावा। यूपी के इटावा स्थित बहेड़ा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कमल संदेश पद यात्रा के दौरान भाजपा के दो गुट आपस में भिड़ गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मामले को शांत कराने की कोशिश की तब भी मामला शांत नहीं हुआ। मारपीट में दोनों गुटों के बीच जमकर लाठियां बरसी साथ ही फायरिंग भी की गई। इस बवाल में एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया। घटना के बाद एक गुट दूसरे गुट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के लिए थाने पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देकर इस मामले को शांत करा दिया है।

ब्लॉक प्रमुख के चुनावों के बाद से मतभेद
दरअसल भाजपा के यह दोनों गुट जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे के गांव महेवा के हैं। यहां ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद दोबारा चुनाव करवाया गया था। इस चुनाव में भाजपा के ही दो कार्यकर्ता गोविन्द त्रिपाठी और अशोक चौबे ने एक दूसरे के खिलाफ परचा भरा। चुनाव के दौरान भाजपा की महिला विधायक सावित्री कठेरिया और जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे का समर्थन अशोक चौबे को मिला जिसके कारण अशोक चौबे चुनाव जीत गए और गोविन्द त्रिपाठी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

पुलिस के सामने हुई मारपीट
मंगलवार को कमल सन्देश पद यात्रा में जब भाजपा ब्लॉक प्रमुख अशोक चौबे, जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे और महिला विधायक सावित्री कठेरिया सरकार की उपलब्धियों को घर-घर जाकर बता रहे थे। उसी दौरान हारे हुए प्रत्याशी गोविन्द त्रिपाठी अपने समर्थकों के साथ सामने आ गए और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान लाठियों से मारपीट के साथ गोलीबारी भी की गई। इस बात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे दोनों गुटों को रोकने का प्रयास किया लेकिन कोई भी पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। फिलहाल इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

फायरिंग में घायल हुआ भाजपा कार्यकर्ता
घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और भरथना से बीजेपी विधायक सावित्री कठेरिया समेत कई भाजपाई दूसरे गुट गोविन्द त्रिपाठी समेत उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने थाना बकेवर पहुंच गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास जायसवाल ने शिकायत करने वाले गुट से तहरीर लेकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पूरे बवाल और घटनाक्रम में घायल भाजपा कार्यकर्ता ने बताया कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद गोविन्द त्रिपाठी समेत कई समर्थक वहां आ गए और फायरिंग करने लगे। इस हमले में वह घायल हो गए।

मामले की चल रही है जांच
वर्तमान ब्लॉक प्रमुख अशोक चौबे ने बताया मंगलवार को कमल संदेश पद यात्रा के दौरान गोविन्द त्रिपाठी समेत कई समर्थकों ने आकर फायरिंग और लाठियां चलाना शुरू कर दिया। जिसमें मीडिया प्रभारी जितेन्द्र गौड़ घायल हो गए हैं। इस पूरे मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास जायसवाल ने बताया कि महेवा के बहेड़ा गांव में बीजेपी की कमल संदेश पद यात्रा निकल रही थी तभी यह घटना हई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications