BJP MLA सरिता भदौरिया को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा सदर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक सरिता भदौरिया को और उनके परिवार को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जान से मारने की धमकी मिली है। बीजेपी विधायक और महिला एवं बाल समिति की संयुक्त सभापति सरिता भदौरिया ने डीएम और एसएसपी से मामले की शिकायत की है। इस मामले में एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि बीजेपी विधायक को वॉट्सऐप के माध्यम से मैसेज किया गया है। जिस कोड से मैसेज आया है वह पाकिस्तान का है। विधायक की सुरक्षा सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सर्विलांस की टीम मामले की जांच में जुटी है।

2017 में पहली बार विधायक चुनी गई थीं सरिता भदौरिया
सरिता भदौरिया 2017 में पहली बार सदर सीट से विधायक चुनी गई थीं। 1999 में पति की हत्या के बाद सरिता भदौरिया ने राजनीति में कदम रखा था। सरिता ने बताया कि शनिवार रात से वॉट्सऐप के माध्यम से उनको और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। उनका दावा है कि धमकी देने वाले अनजान नंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी मारने की धमकी दी गई।
विधायक ने कहा- धमकियों से डरने वाली नहीं हैं
जानकारी के मुताबिक, मैसेज के बाद धमकी देने वाले की ओर से ही वीडियो कॉल करना शुरू कर दिया गया। हालांकि, बीजेपी विधायक ने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया। विधायक ने कहा कि वे धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। इटावा के एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यूपी एटीएस को मामले से अवगत करवा दिया गया है। सदर विधायक को करीब 8 मैसेज भेजे गए हैं। ये सभी पाकिस्तान के एक ही नंबर से भेजे गए हैं, जिसकी जांच कराई जा रही है। मैसेज करने वाले को ट्रेस किया जाएगा, जल्द ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications