कौन जीतेगा Indian Idol की ट्रॉफी? मोहम्मद दानिश ने तीन शब्दों में दिया जवाब
इंडियन आइडल के ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले मोहम्मद दानिश ने शो के विनर को लेकर अपने दिल की बात बोल दी है...
नई दिल्ली, 13 अगस्त: विवादों में घिरे म्यूजिक रिएलिटी शो इंडियन आइडल के 12वें सीजन के ग्रैंड फिनाले की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 12 घंटे के एक महा-एपिसोड के रूप में ग्रैंड फिनाले सोनी टीवी पर 15 अगस्त को प्रसारित होगा। शो में अब टॉप 6 कंटेस्टेंट के तौर पर पवनदीप राजन, अरुणिता कांजीलाल, सायली कांबले, निहाल टॉरो, शनमुख प्रिया और मोहम्मद दानिश ही बचे हैं, जिनके बीच इंडियन आइडल की ट्रॉफी के लिए संगीत का मुकाबला देखने को मिलेगा। इस बीच इंडियन आइडल के फाइनलिस्ट मोहम्मद दानिश ने अपने दिल की बात खोल दी है।

'आखिरकार हम अपनी मंजिल पर पहुंच गए'
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मोहम्मद दानिश ने इंडियन आइडल को लेकर कई सवालों के जवाब दिए। मोहम्मद दानिश ने कहा, 'सच कहूं तो मैं काफी उदास हूं, क्योंकि इंडियन आइडल का खूबसूरत सफर अब खत्म होने जा रहा है। भले ही शो को एक साल हो गया है, लेकिन ऐसा लगता है कि मैं कल ही इस शो में आया हूं। महीनों की मेहनत के बाद आखिरकार अब हम अपनी मंजिल पर पहुंच गए हैं।'

शो कौन जीतेगा? दानिश ने दिया जवाब
इस दौरान मोहम्मद दानिश से जब सवाल पूछा गया कि आपको क्या लगता है, शो कौन जीतेगा? तो उन्होंने केवल तीन शब्दों में अपना जवाब देते हुए कहा, 'जिसका दिन होगा'। दानिश ने आगे कहा, 'यह जीवन में पहली बार था, जब कोरोना वायरस महामारी की वजह से हम लोगों ने ऑनलाइन ऑडिशन दिए। यह शो बहुत सारे लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आया है। मुझे सच में विश्वास है कि इंडियन आइडल के इस सीजन पर ऊपर वाले का हाथ था।'

'सलमान खान के लिए गाना चाहता हूं'
इंडियन आइडल के बाद अपने फ्यूचर प्लान को लेकर मोहम्मद दानिश ने कहा, 'मैं सलमान खान के लिए प्लेबैक सिंगर के तौर पर गाना चाहता हूं। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं और मुझे नहीं पता कि उन्होंने हमारा शो देखा है या नहीं, लेकिन मैं दिल से चाहता हूं कि उनके साथ काम करने का मौका मिले। ये मेरा सबसे बड़ा ख्वाब है। ग्रैंड फिनाले के बाद मैं इंडियन आइडल की पूरी फैमिली को भी बहुत मिस करूंगा।'

'शुक्रिया अदा करने के लिए शब्द नहीं हैं'
आपको बता दें कि इंडियन आइडल में रहते हुए ही मोहम्मद दानिश को म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया के साथ एक म्यूजिक वीडियो में भी काम करने का मौका मिला। दानिश ने बताया, 'मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरे करियर में इतनी जल्दी मेरा अपना म्यूजिक वीडियो आ जाएगा। इंडियन आइडल ने मेरी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया है और मेरे पास शुक्रिया अदा करने के लिए शब्द नहीं हैं। हिमेश सर ने ना सिर्फ मेरे साथ, बल्कि सभी कंटेस्टेंट के साथ काम किया और बहुत जल्द उनके गाने भी रिलीज होंगे।'

'इंशा अल्लाह एक दिन वो भी मुझे पसंद करेंगे'
गौरतलब है कि इंडियन आइडल में मोहम्मद दानिश को सूफी गानों के लिए भी सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। इसपर जवाब देते हुए मोहम्मद दानिश ने कहा, 'हालांकि सूफी गाने मेरी ताकत हैं, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों के दौरान मैंने अलग-अलग शैली के गाने चुने हैं। जहां तक सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सवाल है, तो मैं इसके बारे में ज्यादा चिंता नहीं करता हूं। मेरा एकमात्र लक्ष्य अपने दर्शकों को खुश रखना है और अगर मैं ऐसा नहीं कर पाता, तो इसके लिए मैं और ज्यादा मेहनत करना चाहता हूं। इंशा अल्लाह एक दिन वो लोग भी मुझे पसंद करेंगे।'

'जो काम अहम था, पूरा फोकस उसी पर था'
मोहम्मद दानिश ने आगे कहा, 'सभी कंटेस्टेंट अपनी-अपनी परफॉर्मेंस को लेकर इतना बिजी रहते हैं कि हम लोगों के बीच सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को लेकर कोई बात ही नहीं होती। हमारे लिए जो काम ज्यादा अहम था, हमारा पूरा फोकस उसी पर था। हम सभी कंटेस्टेंट इंडियन आइडल से दर्शकों का भरपूर प्यार लेकर जाएंगे और इस प्यार को हमेशा याद रखेंगे। हम सब ग्रैंड फिनाले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

विवादों में क्यों है इंडियन आइडल
आपको बता दें कि इंडियन आइडल का 12वां सीजन पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में है। विवाद की शुरूआत उस वक्त हुई, जब महान सिंगर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने कहा कि शो के निर्माताओं ने उनसे सभी कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा था। इसके बाद जहां शो के होस्ट आदित्य नारायण और जज की भूमिका निभाने वाले म्यूजिक कंपोजर मनोज मुंतसिर ने अमित कुमार को गलत ठहराया, वहीं सोनू निगम और सुनिधि चौहान सहित कई सिंगर अमित कुमार के बचाव में भी उतरे। इसके अलावा शो में कुछ कंटेस्टेंट की परफॉर्मेंस को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठे।












Click it and Unblock the Notifications