कौन हैं एक्ट्रेस सबा कमर, जिनके खिलाफ पाकिस्तान की कोर्ट ने जारी किया अरेस्ट वारंट
मुंबई, 09 सितंबर। फिल्म हिंदी मीडियम में इरफान खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाली सबा कमर की एक्टिंग को लोगों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में जिस तरह से इरफान खान के साथ सबा ने बड़े पर्दे पर बेहतरीन एक्टिंग की उससे उन्हें अलग पहचान मिली। पाकिस्तान में सबा कमर को एक बेहतरीन अभिनेत्री और टीवी एंकर के रूप में जाना जाता है। यही नहीं उन्हें पाकिस्तान में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाली सेलेब्रिटीज के तौर पर भी गिना जाता है। लेकिन आजकल वह मस्जिद में शूट हुए अपने गाने को लेकर विवाद में हैं। सबा के खिलाफ पाकिस्तान की कोर्ट ने गिरफ्तार करने के लिए वारंट जारी किया है।
Recommended Video

पाक टीवी इंडस्ट्री में पहचान बनाई
पाकिस्तान में लोकप्रिय सबा कमर को पाक सरकार ने तमगा ए इम्तियाज (2012) और प्राइड ऑफ पर्फार्मेंस 2016 के खिताब से भी नवाजा है। जिन्ना के नाम टीवी सीरियल में सबा कमर के किरदार को लोगों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद उन्होंने पलटकर नहीं देखा और एक के बाद एक बेहतरीन सीरियल दास्तान, उड़ान, मात, जो चले तो जान से गुजरेंगे, पानी जैसा प्यार में लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।

खुद का यूट्यूब चैनल
सबा कमर कई फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। पाकिस्तान में बनी फिल्म मैं मंटो, लाहौर से आगे, हिंदी मीडियम में भी उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया। सबा कमर ने 2020 में अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू किया है। लेकिन पिछले साल उन्होंने एक डांस वीडियो शूट किया था, जिसकी वजह से वह विवादों में आ गई थीं। इस डांस वीडियो के एक हिस्से को मस्जिद में शूट किया गया था।

मस्जिद में वीडियो से आई विवाद में
सबा कमर और सिंगर बिलाल सईद ने डांस वीडियो मस्जिद के भीतर शूट किया था। जिसके बाद पाकिस्तान में दोनों का काफी विरोध होने लगा था। लोगों ने उन्हें जान से मारने तक की धमकी दे डाली थी। लोगों का कहना था कि इस वीडियो के जरिए मस्जिद के साथ बेअदबी की गई है। वहीं सबा का कहना था कि इस गाने का सिर्फ कुछ हिस्सा ही मस्जिद में शूट किया गया। गाने में निकाह को दिखाने के लिए कुछ सीन मस्जिद में फिल्माएं गए हैं और इसके बैकग्राउंड में ना तो कई म्यूजिक और ना ही गाना एडिट में डाला गया है।

लोगों से मांगी थी माफी
लोगों के भारी विरोध के बाद सबा और बिलाल सईद ने सार्वजनिक तौर पर इस वीडियो के लिए लोगों से माफी मांगी थी। लेकिन बावजूद इसके उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज कराया गया। लाहौर सत्र न्यायालय में दोनों के खिलाफ याचिका दायर की गई। लगातार कई सुनवाई में कोर्ट में पेश नहीं होने के बाद सबा और सईद के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया गया। अब इस मामले की सुनवाई को 6 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया है।

रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में आई थीं
कुछ समय पहले सबा कमर अपने रिलेशनशिप को लेकर भी चर्चा में आई थीं। सबा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके लिखा था कि मैंने अजीम खान से अपने सभी रिश्ते खत्म करने का फैसला लिया है। हम अब शादी नहीं करने जा रहे हैं। मुझे आप लोगों के सपोर्ट की जरूरत है। मैं अजीम के साथ फोन से जुड़ी थी और मैं उनसे कभी नहीं मिली थी। यह मेरे लिए मुश्किल समय है, लेकिन हम सभी जानते हैं कि मुश्किल समय गुजर जाएगा, आप सभी लोगों को मेरा प्यार। दरअसल अजीम पर आरोप लगा था कि उन्होंने एक महिला के साथ यौन शोषण किया था। इस आरोप के बाद अजीम ने एक वीडियो भी शेयर किया था, लेकिन बाद में उसे डिलीट कर दिया गया था।

इरफान खान के साथ अनुभव
बहरहाल सबा कमर को हिंदी मीडियम फिल्म के लिए याद किया जाता है जिसमे उन्होंने दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ स्क्रीन शेयर की थी। बॉलीवुड में यूं तो उनकी यह एकमात्र फिल्म हैं लेकिन इस फिल्म से उन्होंने लोगों में अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म में अपने अनुभव को लेकर सबा ने कहा था कि यह बहुत ही अच्छा अनुभव था, मुझे इरफान से बहुत कुछ सीखने को मिला। इरफान के निधन से सबा कमर सदमे में आ गई थीं और उन्होंने कहा था कि यह हैरान करने वाली खबर है।












Click it and Unblock the Notifications