अस्पताल में क्या हुआ था धर्मेंद्र के साथ? मौत से पहले एक्टर की बिगड़ती हालत पर अमीषा पटेल का शॉकिंग खुलासा
Dharmendra: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने फिल्म जगत और उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। 24 नवंबर 2025 को 89 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह चुके अभिनेता को लेकर हर तरफ शोक की लहर है।
लिजेंड्री एक्टर धर्मेंद्र की मौत
अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान, सलमान खान और शत्रुघ्न सिन्हा तक तमाम बड़े सितारे उनकी कमी महसूस कर रहे हैं। अब एक्ट्रेस अमीषा पटेल और एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने भी धर्मेंद्र को याद करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।

अमीषा पटेल ने बताया क्या हुआ था अस्पताल में?
मौत से करीब 12 दिन पहले धर्मेंद्र मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनसे मिलने पहुंचे थे। इसी कड़ी में अमीषा पटेल भी धर्मेंद्र का हालचाल लेने के लिए अस्पताल पहुंची थीं।
अमीषा पटेल ने किया चौंकाने वाला खुलासा
-आपको बता दें कि अमीषा पटेल का देओल परिवार के साथ वर्षों पुराना रिश्ता है। एक्ट्रेस ने बताया कि वह न्यूयॉर्क में होने की वजह से अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकीं लेकिन अस्पताल में बीते समय ने उन्हें बेहद भावुक कर दिया था।
-अमीषा पटेल ने कहा- मैंने अभी तक देओल परिवार से बात नहीं की है। वो सभी लोग इस समय बहुत भावनात्मक दबाव में हैं। इस समय उन्हें अपनी प्राइवेसी की जरूरत है इसलिए मैं उन्हें डिस्टर्ब नहीं करना चाहती।
-अस्पताल में धर्मेंद्र की हालत के बारे में बात करते हुए अमीषा पटेल ने कहा- वहां बहुत टेंशन भरा माहौल था। धर्मेंद्र बेहद क्रिटिकल कंडीशन में थे। चाहे शाहरुख खान हों, सलमान खान हों या मैं, हम सभी वहां सिर्फ सनी देओल को गले लगाने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे थे। ये वो पल था जिसे वह समझ नहीं पा रहे थे क्योंकि ये उस इंसान की लड़ाई थी जिसे वह सबसे ज्यादा प्यार करते हैं।
नसीरुद्दीन शाह ने धर्मेंद्र को किया याद
-धर्मेंद्र के साथ काम कर चुके अनुभवी अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें याद किया। उन्होंने अपनी फिल्म 'गुलामी' का एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है- ये पहली बार था जब मैं उस महान इंसान से मिला था। मुझे उनके साथ इस फिल्म के अलावा दो और प्रोजेक्ट्स पर काम करने का सौभाग्य मिला था।
-नसीरुद्दीन शाह ने कहा- धर्मेंद्र के जाने से जो खालीपन बना है, उसे भर पाना असंभव है। मैंने उनसे जो प्यार पाया, वह हमेशा दिल में रहेगा। उन्होंने आगे लिखा- हर कोई 60 साल लंबे, बेहद योग्य स्टारडम का दावा नहीं कर सकता। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। आमीन।
बॉलीवुड में शोक का माहौल
धर्मेंद्र के निधन के बाद बॉलीवुड में शोक का माहौल है। उनके प्रशंसकों के साथ-साथ इंडस्ट्री के कलाकार भी उन्हें याद कर भावुक हो रहे हैं। पंजाब से लेकर मुंबई तक उनके चाहने वाले इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे कि हिंदी सिनेमा का ये चमकता सितारा अब हमारे बीच नहीं रहा।












Click it and Unblock the Notifications