'करण जौहर की फिल्मों में एक्टिंग शुरू कर दे गांधी परिवार', विवेक अग्निहोत्री ने प्रियंका के भाषण पर कसा तंज
फिल्मेकर विवेक अग्निहोत्री ने प्रियंका के भाषण पर तंज कसते हुए कहा कि करण जौहर की फिल्मों में एक्टिंग शुरू कर दे गांधी परिवार।

Vivek Agnihotri Targets Priyanka Gandhi: फिल्ममेकर और चर्चित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री हर मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखते हैं। बॉलीवुड से लेकर देश में होने वाले हर घटनाक्रम पर विवेक अग्निहोत्री रिएक्शन देते हैं। अब उन्होंने सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के हालिया भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। फिल्ममेकर ने 'परिवार, परिवार, परिवार' लिखते हुए यहां तक कह डाला की गांधी परिवार को करण जौहर की फिल्मों में काम करना शुरू कर देना चाहिए।
विवेक अग्निहोत्री का फिर कांग्रेस पर तंज
दरअसल, राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी के तहत रविवार को कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ दिल्ली के राजघाट पर एक दिन का संकल्प सत्याग्रह किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने परिवार का बार-बार अपमान किए जाने पर बीजेपी का जमकर हमला बोला।
परिवारवाद पर प्रियंका गांधी का हमला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा कि, "आप (बीजेपी) 'परिवारवाद' की बात करते हैं, मैं पूछना चाहती हूं कि भगवान राम कौन थे? वे परिवारवादी थे, या पांडव परिवारवादी थे? क्या हमें शर्म आनी चाहिए कि मेरे परिवार ने देश के लिए लड़ाई लड़ी? मेरे परिवार ने इस देश के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा है।" प्रियंका गांधी के इस बयान पर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए तंज कसा है।
'मेरा सुझाव है कि गांधी परिवार...'
फिल्मेकर ने प्रियंका गांधी के बयान को ट्वीट करते हुए कहा कि गांधी परिवार को करण जौहर की फिल्म में काम करने की कोशिश करनी चाहिए। अपने ट्वीट में विवेक रंजन अग्निहोत्री ने लिखा- "परिवार... परिवार...परिवार ... आपने क्या किया है? फैमिली से इतना फेक प्यार है तो मेरा सुझाव है कि गांधी परिवार करण जौहर की फिल्मों में काम करना शुरू कर दें। कम से कम फैमिली इकोसिस्टम तो मैच करेगा। क्या पता करण जौहर को भी ले डूबें। अपने दूसरे ट्वीट में विवेक अग्निहोत्री ने लिखथा कि विक्टिम कार्ड हकदार का पहला और आखिरी बचाव है।
राहुल गांधी को किया अयोग्य घोषित
आपको बता दें कि गुजरात के सूरत कोर्ट से मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को राहुल गांधी को लोकसभा से सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। जिसके बाद कांग्रेस पार्टी देशभर में विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications