KBC 13 के प्रोमो पर दर्शक की आपत्ति के बाद चैनल को डिलीट करना पड़ा पूरा एपिसोड, जानें क्यों
पॉपुलर रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति 13 अपने एक एपिसोड के प्रोमो की वजह से विवादों में आ गया है। दरअसल प्रोमो में दिखाया गया था कि केबीसी का अगला एपिसोड 'Mid brain Activation' पर आधारित होगा।
मुंबई, 30 नवंबर। पॉपुलर रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति 13 अपने एक एपिसोड के प्रोमो की वजह से विवादों में आ गया है। दरअसल प्रोमो में दिखाया गया था कि केबीसी का अगला एपिसोड 'Mid brain Activation' पर आधारित होगा। प्रोमो में अमिताभ बच्चन एक लड़की के सामने खड़े हुए हैं जिसने आंखों पर पट्टी बांध रखी है। प्रोमो में यह दावा किया गया है कि यह लड़की केवल किताब को सूंघकर उस किताब को पढ़ लेगी।

चैनल पर लगाया अवैज्ञानिक कंटेंट प्रचारित करने का आरोप
इस प्रोमो पर तर्कवादी और फेडरेशन ऑफ इंडियन रेशनलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र नायक ने आपत्ति जताते हुए चैनल को एक खत लिखा है। नरेंद्र नायक ने अपनी चिट्ठी में चैनल पर अवैज्ञानिक प्रथाओं को प्रचारित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में अनुच्छेद 51ए(एच) का हवाला देते हुए कहा कि वैज्ञानिक सोच, जांच की भावना और मानवतावाद को विकसित करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि 'सुपर पावर' सामान्य ज्ञान का उपहास है और ऐसी चीजों को नेशनल टेलीविजन पर दिखाने से देश का उपहास भी बन सकता है।

चैनल को डिलीट करना पड़ा पूरा एपिसोड
इस चिट्ठी के बाद चैनल ने तुरंत एक्शन लेते हुए एपिसोड से उस आपत्तिजनक हिस्से को हटा दिया है। चैनल ने नरेंद्र नायक को चिट्ठी का जवाब देते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी टीम को और अधिक सावधान रहने और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से बचने को कहा है।

चैनल ने जारी किया बयान, कहा- आगे से नहीं होगी ऐसी गलती
चैनल ने इसके बाद एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है। चैनल ने कहा कि चैनल देखने के लिए आपका धन्यवाद। हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि उक्त एपिसोड को सभी प्लेटफार्मों से हटा दिया गया है। इसके अलावा हमने अपनी टीम से भविष्य में इस तरह की गतलियों से बचने को भी कहा है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया की हमेशा यही कोशिश रहती है कि हम भारत के कानून के दायरे में रहकर कार्यक्रम बनाएं। हम अपने दर्शकों की भावनाओं के प्रति संवेदनशील हैं और अच्छा गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन प्रदान करने पर जोर देते हैं। हमारी यह पूरी कोशिश रहती है कि हमारी कंटेंट से किसी की भावनाएं आहत न हों।












Click it and Unblock the Notifications