बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से आई दुखभरी खबर, एक्ट्रेस मंजू सिंह का निधन
नई दिल्ली,16 अप्रैल: बॉलीवुड से बुरी खबरें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब फेमस टीवी प्रोड्यूसर और बॉलीवुड एक्ट्रेस मंजू सिंह के निधन की खबर सामने आई है। वो बच्चों के प्रोग्राम 'खेल खिलाड़ी' को होस्ट करती थीं, जिस वजह से उनको एंकर दीदी के नाम से भी जाना जाता था। उनके निधन की वजह से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में गम का माहौल है।

घर पर आया हार्ट अटैक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार सुबह वो अपने घर पर थीं, इसी दौरान उनको दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। गीतकार, गायक और पटकथा लेखक स्वानंद किरकिरे ने शुक्रवार शाम को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर मंजू सिंह के निधन की खबर साझा की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मंजू ने डीडी के लिए कई शानदार शो बनाए। ऋषिकेश मुखर्जी की गोलमाल की रत्न हमारी प्यारी मंजू जी आप अपने प्यार को कैसे भूल सकती हैं... अलविदा!

गोलमाल में भी की एक्टिंग
मंजू सिंह टीवी की फेमस प्रोड्यूसर्स में से एक थीं। उन्होंने 'शो टाइम', 'एक कहानी', 'अधिकार', 'स्वराज' जैसे हिट शो का निर्माण किया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म निर्माता हृषिकेश मुखर्जी की 1979 की कल्ट क्लासिक 'गोलमाल' में भी अमोल पालेकर की बहन रत्ना का किरदार निभाया।

फेमस एक्टर का भी निधन
वहीं बीते 10 अप्रैल को बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पटकथा लेखक शिव सुब्रमण्यम का निधन हो गया था। उन्होंने धारावाहिक मुक्ति बंधन में आईएम विरानी और बॉलीवुड की फिल्म '2 स्टेट्स' में आलिया भट्ट के पिता की भूमिका निभाई थी। उन्हें विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्देशित परिंदा (1989) और सुधीर मिश्रा द्वारा निर्देशित हजारों ख्वाहिशें ऐसी (2005) के लिए पटकथा लिखने का भी श्रेय दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications