Uunchai Trailer: समुद्र तल से 17000 फीट ऊपर बनीं फिल्म 'ऊंचाई' का ट्रेलर रिलीज, अमिताभ बच्चन ने किया ऐसा कमाल
Uunchai Trailer Out: लोगों के बीच फिल्म 'ऊंचाई' को लेकर काफी उत्सुकता नजर आ रही थी। फिल्म का पोस्टर देखने के बाद दर्शकों में ट्रेलर को लेकर काफी एक्साइटमेंट थी। आज इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
Uunchai Trailer Out: साल 2022 की सबसे बहुचर्चित और मेगा स्टार्स फिल्म ऊंचाई का ट्रेलर आज लॉन्च कर दिया गया है। राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म 'ऊंचाई' का ट्रेलर आज मुंबई में एक कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लोगों के बीच इस फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता नजर आ रही थी। फिल्म का पोस्टर देखने के बाद दर्शकों में ट्रेलर को लेकर काफी एक्साइटमेंट थी। फिल्म के ट्रेलर को देखकर ये साफ कहा जा सकता है कि इसमें मौजूद कलाकारों ने बहुत ही बढ़िया काम किया है। वहीं पारिवारिक और आदर्श फिल्में बनाने वाले निर्देशक सूरज बड़जात्या के शानदार डायरेक्शन की झलक ट्रेलर में साफ देखी जा सकती है। 7 साल बाद एक बार फिर से डायरेक्टर सूरज बड़जात्या फिल्म 'ऊंचाई' से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।

7 साल बाद सूरज बड़जात्या की वापसी
राजश्री प्रोडक्शन की ज्यादातर फिल्में बड़े-से-बड़े किरदारों, भव्य सेटों, कॉस्ट्यूम, ड्रामा और संगीत प्रेमियों के लिए जानी जाती हैं। लेकिन पहली बार निर्देशक सूरज बड़जात्या ने फिल्म 'ऊंचाई' से मूवी बनाने का एक अलग तरीका चुना है और यह बात फिल्म के ट्रेलर को देखते हुए समझ में आ जाती है। फिल्म का ट्रेलर लोगों को दिल्ली से नेपाल के हिमालय तक के रोड ट्रिप पर ले जाता है और इसी पर आधारित है फिल्म की पूरी कहानी। फिल्म 'ऊंचाई' साल 2022 में रिलीज होने वाली सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बोमन ईरानी और डैनी डेंगज़ोम्पा लंबे समय बाद एकसाथ नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में देखा जा सकता है कि अभिनेता डैनी एक गाने में अपना बर्थडे सेलिब्रेट करते हुए शानदार डांस कर रहे हैं और ये उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत पल है। लेकिन फिर डैनी की मौत सब कुछ बदल देती है।
स्क्रीन पर एकसाथ नजर आए कई दिग्गज कलाकार
डैनी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप में जाना चाहते थे। डैनी अपने बचपन के दोस्तों के साथ फिर से जीवन जीना चाहते थे। उनके दोस्त इस इच्छा को कैसे पूरा करते हैं यही फिल्म 'ऊंचाई' की कहानी है। डैनी की मौत के बाद, उसके तीन दोस्त, अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर और बोमन ईरानी उसकी याद में ट्रेकिंग करने का फैसला करते हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि 65 साल से अधिक उम्र के पुरुषों के लिए इस चुनौतीपूर्ण ट्रेक को करना कितना मुश्किल भरा हो सकता है। वहीं इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा इस ट्रेक की गाइड हैं और वह ट्रेक की मुश्किलों को समझाती नजर आ रही हैं। उम्र और कठिनाइयों के कारण इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि तीनों ट्रेक पूरा कर सकेंगे।
बिग बी की आवाज में गाने ने जीता दिल
इस फिल्म में एक्ट्रेस नीना गुप्ता ने बोमन ईरानी की पत्नी की भूमिका निभाई है। एक्ट्रेस सारिका भी इस फिल्म में नजर आ रही हैं। बिग बी की आवाज में फेमस गाना 'ये जीवन है' भी लोगों का दिल जीत रहा है। समुद्र तल से 17000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर फिल्माई गई इस फिल्म में बॉलीवुड के महानतम अभिनेता अपने अभिनय से फिल्म को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए नजर आएंगे। आपको बता दें कि ये फिल्म आगामी 11 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications