Urmila Kothare की कार का भयंकर एक्सीडेंट, गाड़ी ने 2 मजदूरों को कुचला, एक की मौत
Urmila Kothare: मराठी फिल्म इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस उर्मिला कोठारे के साथ एक भयानक हादसा हो गया है। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है और दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में उर्मिला कोठारे और उनका ड्राइवर दोनों बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
उर्मिला कोठारे की बच गई जान
खबर है कि ये हादसा मुंबई के कांदिवली इलाके में उस वक्त हुआ जब उर्मिला कोठारे शूटिंग खत्म कर घर लौट रही थीं। आईएएनएस द्वारा एक्स हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं पुलिस के मुताबिक सही समय पर कार के एयर बैग खुलने से उर्मिला कोठारे की जान बच गई है।

ड्राइवर के खिलाफ मामला हुआ दर्ज
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार ये घटना मुंबई के कांदिवली इलाके में पोइसर मेट्रो स्टेशन के पास हुई है। सड़क किनारे मेट्रो का काम कर रहे दो मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिसमें से एक मजदूर की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है जिसका अस्पातल में इलाज चल रहा है।
ड्राइवर ने कार से अपना कंट्रोल खो दिया था
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उर्मिला कोठारे के ड्राइवर ने कार से अपना कंट्रोल खो दिया था और उसकी लापरवाही की वजह से ही गाड़ी ने 2 मजदूरों को जोरदार धक्का मार दिया था। इस दुर्घटना के संबंध में समता नगर पुलिस स्टेशन में ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में क्या कहा
इस मामले में पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस का कहना है कि कार में एयरबैग लगा हुआ था, जिसकी वजह से एक्ट्रेस की जान बच गई है नहीं तो कुछ भी हो सकता था। हालांकि इस घटना में कार का बेहद बुरा हाल हुआ है। पुलिस का कहना है कि कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी, जिसकी वजह से हादसा भी बहुत ही खतरनाक था।
कौन हैं उर्मिला कोठारे?
उर्मिला कोठारे मराठी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस हैं। उन्होंने 'दुनियादारी', 'शुभ मंगल सावधान', 'ति सध्या काय करते' जैसी कई मराठी फिल्मों में काम किया है। वह फिल्म निर्देशक महेश कोठारे के बेटे और अभिनेता आदिनाथ कोठारे की पत्नी हैं।












Click it and Unblock the Notifications