TMMTMTTM Review: प्यार, परिवार और इमोशन की मीठी कहानी है ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’
Tu Meri Main Tera Main Tera Tu Meri Movie Review: कार्तिक आर्यन और अनन्या पाण्डेय एक बार फिर अपनी नई फिल्म में रोमांस के रंग बिखेरते नजर आते हैं। 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि उन रिश्तों की कहानी है जहां प्यार के साथ जिम्मेदारियां और भावनाएं भी बराबरी से चलती हैं।

फिल्म की कहानी रेहान (कार्तिक आर्यन) और रूमी (अनन्या पाण्डेय) से शुरू होती है, जिनकी मुलाकात एक ट्रिप के दौरान होती है। सफर के हर मोड़ के साथ दोनों की नजदीकियां बढ़ती जाती हैं और दोस्ती कब प्यार में बदल जाती है, यह उन्हें खुद भी महसूस नहीं होता। जब रेहान शादी की बात करता है, तब रूमी के सामने एक इमोशनल दुविधा खड़ी हो जाती है। वह अपने पिता (जैकी श्रॉफ) को अकेला छोड़ने से डरती है, क्योंकि रेहान अमेरिका में रहता है और उसकी छोटी बहन भी शादी के बाद कनाडा जाने वाली है। प्यार और परिवार के बीच फंसी रूमी की यह उलझन कहानी को इमोशनल गहराई देती है। आखिरकार यह रिश्ता किस दिशा में जाता है, यही फिल्म का असली आकर्षण है।
निर्देशक समीर विध्वंस ने इस कहानी को बेहद सलीके और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा है। फिल्म की रफ्तार शुरुआत से ही बनी रहती है। स्क्रीनप्ले मजबूत है और सिनेमेटोग्राफी हर फ्रेम को खूबसूरत बनाती है। फिल्म का पहला भाग ज्यादा हल्का-फुल्का और मनोरंजक है, जबकि दूसरा भाग भावनाओं को गहराई से छूता है। संगीत फिल्म की आत्मा है-इसके गाने न सिर्फ सुनने में अच्छे हैं बल्कि स्क्रीन पर भी प्रभाव छोड़ते हैं। संवाद सरल, मज़ेदार और कई जगह दिल को छू लेने वाले हैं।
अभिनय की बात करें तो कार्तिक आर्यन ने रेहान के किरदार को पूरे आत्मविश्वास के साथ निभाया है। उनका रोमांटिक अंदाज़ और भावनात्मक सीन दोनों ही प्रभावी हैं। अनन्या पाण्डेय अपने अभिनय से चौंकाती हैं और यह साबित करती हैं कि वह अब पहले से कहीं ज्यादा सहज और परिपक्व हो चुकी हैं। नीना गुप्ता मां के किरदार में हमेशा की तरह शानदार हैं। जैकी श्रॉफ अपने शांत और संजीदा अभिनय से कहानी में वजन जोड़ते हैं। बाकी कलाकारों ने भी अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है।
कुल मिलाकर, 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' एक अच्छी रोमांटिक कॉमेडी है। यह फिल्म खूबसूरती से समझाती है कि प्यार सिर्फ दो लोगों के बीच नहीं होता, बल्कि परिवार और जिम्मेदारियों के साथ संतुलन बनाना भी उतना ही जरूरी है। रोमांस और इमोशन्स पसंद करने वालों के लिए यह फिल्म एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव साबित होती है।
फिल्म: तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी
कलाकार: कार्तिक आर्यन, अनन्या पाण्डेय, नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ
निर्देशक: समीर विध्वंस












Click it and Unblock the Notifications