Trailer out: संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की फिल्म का ट्रेलर हुआ आउट, इस दिन होगी रिलीज
Trailer out: बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी' का ट्रेलर रिलीज़ होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। बनारस की गलियों, गंगा-घाटों और देसी जीवन के बीच बुनी गई कहानी का माहौल शुरुआत से ही मन मोह लेता है। करीब 2 मिनट 50 सेकंड का यह ट्रेलर संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की प्यारी केमिस्ट्री और हल्के-फुल्के हास्य के जरिए दर्शकों को एक मनोरंजक सफर का वादा करता है।

बनारसी अंदाज़ में बुनी हास्य और भावनाओं से भरी कथा
ट्रेलर की शुरुआत एक घरेलू ताने से होती है- "तीन-तीन सांड बैठे हैं, एक गैया नहीं ला सकते!" इस पर संजय मिश्रा का चुटीला जवाब, "अब हम ले आए गैया..." कहानी के हास्य रंगों की झलक देता है। फिल्म एक ऐसे परिवार की कमी को दिखाती है, जहाँ वर्षों से महिला की गैरमौजूदगी ने घर को सूना कर दिया है। एक भावुक पंक्ति- "औरत के बिना घर क्या, बस ईंट-पत्थर का मकान!"-इस दर्द को और गहराई से दर्शाती है।
दूसरी शादी की दुविधा और बनारसी खुमारी
कथानक तब रोचक मोड़ लेता है जब दुर्लभ प्रसाद की दोबारा शादी का सुझाव सामने आता है। परिवार का संकोच, समाज की दृष्टि और बनारस की चुटीली भाषा हंसी के कई पल रचते हैं। इसी बीच मुरली की प्रेम कहानी भी कथा को हल्का, ताज़ा और रंगीन स्पर्श देती है। महिमा चौधरी का संवाद- "कसम खाई थी सिगरेट छोड़ने की... पर ये तो बीड़ी है!"-अपनी सादगी और ह्यूमर से खास असर छोड़ता है। ट्रेलर के अंत में जब पंडित जी को यह पता चलता है कि दूल्हा 55 वर्ष से ऊपर है, तो उनका फनी रिएक्शन- "इसको गंगा में धक्का दे दो!"-हंसी का पिटारा खोल देता है।
ट्रेलर लॉन्च बना शादी जैसा उत्सव
ट्रेलर लॉन्च का आयोजन भी पूरी तरह 'शादी-थीम' पर आधारित था। संजय मिश्रा और महिमा चौधरी दूल्हा-दुल्हन के लिबास में पहुंचे और ढोल-नगाड़ों के साथ फिल्मी अंदाज़ में एंट्री की। निर्माताओं एकांश बच्चन और हर्षा बच्चन ने कहा कि फिल्म बनारस की आत्मा, वहां की बोली और पारिवारिक गर्माहट को दर्शाती है।
कब होगी फिल्म रिलीज
सिद्धांत राज सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय मिश्रा और महिमा चौधरी के साथ व्योम यादव, पल्लक लालवानी, प्रवीन सिंह सिसौदिया, नवनी परिहार और श्रीकांत वर्मा जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। एक्शा एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म 19 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।












Click it and Unblock the Notifications